प्रयास सफल : घर से नहीं निकले लोग, सड़कों पर रहा सन्नाटा
चंडीगढ़, 22 मार्च (ट्रिन्यू)
कोरोना वायरस से निपटने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी की अपील पर रविवार को हरियाणा में जनता कर्फ्यू पूरी तरह कामयाब रहा। प्रदेश के शहरों ही नहीं, गांवों में भी इसका व्यापक असर देखने को मिला। मोदी की इस अपील के बाद सीएम मनोहर लाल खट्टर ने भी प्रदेश की जनता को संबोधित किया था। उन्होंने वीडियो संदेश भी जारी किया था।
जनता कर्फ्यू को देखते हुए लोगों ने शनिवार को ही रोजमर्रा की वस्तुओं का प्रबंध कर लिया था। ऐसे में रविवार को सुबह लोग घर से नहीं निकले। गुरुग्राम, फरीदाबाद व पंचकूला ही नहीं, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, जींद, कैथल और सोनीपत भी पूरी तरह से बंद रहे। कोरोना को हराने के लिए समूचा हरियाणा एकजुट दिखाई दिया और पूरा दिन प्रदेश के लोग अपने घरों में रहे। जनता कर्फ्यू का असर हरियाणा के प्रत्येक गांव और शहर में देखने को मिला। हरियाणा के कालका रेलवे स्टेशन से चलकर राजधानी दिल्ली जाने वाली शताब्दी के पहिए थमे रहे। हरियाणा के अंतिम विधानसभा क्षेत्र तिगांव में भी जनता कर्फ्यू का व्यापक असर देखने को मिला।
कोरोना वायरस के चलते साइंस सिटी अंबाला के कारोबारी जहां पिछले कई दिनों से मंदी की मार झेल रहे हैं। लेकिन रविवार को कारोबारियों ने जनता कर्फ्यू का पूर्ण समर्थन किया और अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। रेलवे के अंबाला मंडल ने शनिवार को ही इस मार्ग से होकर निकलने वाली गाड़ियों की आवाजाही बंद करने का ऐलान कर दिया था। इसके चलते सर्वाधिक भीड़भाड़ वाले अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।
धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की स्थिति भी कुछ ऐसी ही रही। यहां ऐतिहासिक भद्रकाली मंदिर पहले ही नवरात्र आयोजन को रद्द कर चुका है। रविवार को यहां सभी ऐतिहासिक पर्यटक स्थल पर्यटकों का इंतजार करते रहे। सीएम सिटी करनाल में जहां जनता कर्फ्यू को पूर्ण समर्थन मिला वहीं पानीपत जंक्शन से दिल्ली व रोहतक व उत्तर प्रदेश की तरफ जाने वाली सभी सड़कें सूनी रहीं।
सरकार द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत ढाबे आदि खोलने की मंजूरी दी थी। इसके बावजूद हाईवे ढाबों के लिए मशहूर सोनीपत में ज्यादातर ढाबे बंद रहे। हरियाणा का दिल कहे जाने वाले जींद में कर्फ्यू की घोषणा को लेकर शनिवार को वायरल हुए वीडियों जहां चर्चा का विषय रहे। यहां की चौपालों में न सामूहिक हुक्का चर्चा हुई और न ही ताश खेली गई। कोरोना को हराने के लिए कई खाप पंचायतें पहले ही प्रशासन के सहयोग का ऐलान कर चुकी हैं। हरियाणा के अधिकांश जिलों में लोगों ने स्वेच्छा से कर्फ्यू को सफल बनाया। हरियाणा की सत्तारूढ़ भाजपा-जजपा सरकार ने जहां जनता कर्फ्यू का समर्थन करते हुए इसे सफल बनाने के लिए पूरी एकजुटता दिखाई वहीं विपक्षी राजनीतिक दल कांग्रेस ने भी अपने स्तर पर जनता कर्फ्यू का समर्थन किया था। नेता प्रतिपक्ष व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बयान जारी करके लोगों से अपील की थी कि वह घरों में रहें। इनेलो नेता अभय चौटाला ने भी जनता कर्फ्यू का समर्थन किया।
सभी मिलकर भगाएंगे : खट्टर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आज हमने दूरी बनाकर एकजुटता का सबूत दिया है, उससे हम सभी मिलकर कोरोना वायरस को भगाएंगे। प्रदेशवासियों के नाम संदेश में उन्होंने कहा कि जनता कर्फ्यू को बनाकर रखें। उन्होंने इसे सोमवार सुबह तक बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि इस दौरान आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं आने दी जाएगी।
अभी बाकी है लड़ाई : विज
गृहमंत्री अनिल विज कहा कि कोरोना के खिलाफ अभी काफी लड़ाई बाकी है, लेकिन कोरोना हारेगा और हम जीतेंगे। विज ने बताया कि हरियाणा मे अभी तक आठ मामले हैं। विज ने कहा कि आज तालियां और थालियां बजाकर देश ने डाक्टरों व कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे लोगों के साथ खड़ा होने का संदेश दिया है। ऐसा करने से काम करने वालो का बहुत हौसला बढ़ता है।
The post प्रयास सफल : घर से नहीं निकले लोग, सड़कों पर रहा सन्नाटा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2UodtE4
via Latest News in Hindi

0 Comments