धर्मशाला, 31 मार्च (निस)
कोरोना वायरस के चलते पर्यटन नगरी मैकलोडगंज में फंसे 48 विदेशी पयर्टकों को मंगलवार को दिल्ली भेज दिया गया। यूरोप के विभिन्न देशों के यह सभी पयर्टक मैकलोडगंज के विभिन्न होटलों व गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। इन पयर्टकों को उनके संबंधित देशों को भेजने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पहल करते हुए यह कदम उठाया है। मैकलोडगंज में फंसे इन पयर्टकों में सबसे अधिक फ्रांस के 29, जर्मनी के नौ, इंगलैंड, अमेरिका और कनाडा के दो-दो तथा स्विट्जरलैंड के तीन पयर्टक शामिल थे।
गौरतलब है कि भारत में लॉकडाउन होने के कारण यूरोपीय देशों के करीब 100 पयर्टक कांगड़ा के विभिन्न होटलों और गेस्ट हाउस में रुके पड़े थे। उन्हें वापस दिल्ली ले जाने के लिए दिल्ली स्थित जर्मन व फ्रांस दूतावास के अधिकारी सोमवार देर शाम तीन वॉल्वो बसें लेकर धर्मशाला पहुंचे थे। दिल्ली स्थित जर्मनी व फ्रांस के दूतावास के अधिकारियों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन विदेशी पर्यटकों की एक सूची सौंपी थी, जिसे विदेश मंत्रालय ने स्वीकृत किया था।
हिमाचल में कोरोना वायरस के कारण लगे कर्फ्यू और लॉकडाउन में करीब 240 पर्यटक फंसे हैं। इनमें से 100 भारतीय और 140 विदेशी पर्यटक हैं। सबसे अधिक 69 भारतीय पर्यटक कुल्लू में जबकि 29 विदेशी पर्यटक फंसे हैं। सिरमौर में नौ विदेशी पर्यटक फंसे हैं। इनमें से दो रूस के, दो अमेरिका के हैं जबकि फिनलैंड, नीदरलैंड, फ्रांस और दुबई का एक-एक पर्यटक है। जिला पयर्टन अधिकारी, कांगड़ा सुनयना शर्मा ने बताया कि पर्यटन विभाग विदेशी पर्यटकों को तलाशने और उनके बारे में पूरी जानकारी एकत्र करने की कवायद में भी जुटा हुआ है।

The post मैकलोडगंज में फंसे 48 विदेशी पयर्टक दिल्ली भेजे appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3dMTOGD
via Latest News in Hindi

0 Comments