शिमला जिला में 1100 क्वारंटाइन बेड तैयार
शिमला में मंगलवार को जरूरतमंदों को सामान वितरित करते निरंकारी मिशन के स्वयंसेवक। -अमित कुमार
शिमला जिला में कोरोना संक्रमण का कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है। जिला दंडाधिकारी, शिमला अमित कश्यप ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में लगभग 1100 क्वारंटाइन बेड तैयार किए गए हैं, जिसमें शिमला शहरी में 673 क्वारंटाइन बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि क्वारंटाइन की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा विश्राम गृह व होटलों में की गई है।
जिला ऊना के हर घर में होगी स्क्रीनिंग
पिछले कुछ दिनों में विदेशों व अन्य राज्यों से जिला ऊना में आए लोगों की पहचान व मेडिकल जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मी हर घर की स्क्रीनिंग करेंगे, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग भी लिया जाएगा। यह बात उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने आज एक बैठक में कही। उन्होंने कहा कि जिला ऊना में इस कार्य के लिए 144 सर्विलांस टीम बनाई गई हैं, जो घर-घर जाकर जांच करेंगी। डीसी ने कहा कि स्क्रीनिंग का काम 3 अप्रैल से शुरू होगा जो 9 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। इसका डाटा ऑनलाइन भरा जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने गूगल फॉर्म तैयार किया है, जिसमें व्यक्तियों का रिकॉर्ड रहेगा।
कांग्रेस ने राजेंद्र राणा को मदद करने को किया अधिकृत
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व विधायक राजेन्द्र राणा को चंडीगढ़ और इसके आसपास पंजाब, हरियाणा में कर्फ्यू की वजह से फंसे प्रदेश के छात्रों और अन्य लोगों की मदद करने के लिए पार्टी की ओर से अधिकृत किया है। उन्होंने कहा है कि चूंकि राजेन्द्र राणा इस समय चंडीगढ़ में ही हैं इसलिए प्रदेश कांग्रेस ने उन्हें प्रदेश के लोगों की किसी भी सहायता के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ बातचीत कर उन्हें हर संभव सहायता देने को कहा है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी सहायता के लिए राजेंद्र राणा से फोन 9418145999 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
बेसहारा परिवारों को पहुंचाया राशन
शिमला प्रेस क्लब द्वारा शहर में जरूरतमंदों व बेसहारा परिवारों की मदद की जा रही है। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मंगलवार को स्नो व्यू क्षेत्र में रह रहे चार परिवारों के 18 सदस्यों को खाद्य सामग्री वितरित की।
सभी 8 कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट नेगेटिव
धर्मशाला (निस) : कांगड़ा जिला में लगातार चौथे दिन मंगलवार को 8 कोरोना संदिग्धों के सैंपल डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल, टांडा में जांचे गए। सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इस बीच प्रशासन ने सीमा पूरी तरह सील कर दी है।
बिन्दल ने काला अंब में क्वारंटाइन केन्द्र का लिया जायजा
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व नाहन के विधायक डा. राजीव बिन्दल ने आज हरियाणा और हिमाचल की सीमा पर काला अंब में स्थापित कोरोना क्वारंटाइन केन्द्र का दौरा कर यहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि काला अंब में 400 लोगों, पांवटा में 200 और नाहन में 100 लोगों सहित पूरे सिरमौर जिला में एक हजार क्षमता के क्वारंटाइन केन्द्रों की स्थापना की गई है। बिन्दल ने डा. यशवंत परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पहुंचकर रोगियों का हाल चाल पूछा और यहां उपलब्ध सुविधाओं की चर्चा चिकित्सकों से की।
The post शिमला जिला में 1100 क्वारंटाइन बेड तैयार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/33XLzTO
via Latest News in Hindi
0 Comments