घर पर बनीं मिठाइयों का आनंद लें
शिल्पा जैन सुराणा
जब भी घर पर दावत होती है, हम मिठाई अक्सर बाहर से ही मंगवाते हैं जो कि बजट पर भी भारी पड़ती है। आज हम मिठाइयों की ऐसी रेसीपीज़ लाये हैं जो आप घर पर ही आसानी से बना सकती हैं। इससे समय भी बचेगा और पैसे भी।
लौकी लच्छा
सामग्री : लौकी 1 किलो, चीनी 250 ग्राम, गुलाब जल 2 छोटे चम्मच।
विधि : सबसे पहले लौकी अच्छे से धोकर छील लें और पीलर की मदद से इसके लच्छे तैयार कर लीजिए। लौकी के बीच के सफेद भाग को हटा दीजिए। लौकी के लच्छों को बांध कर धो लीजिए। इससे लौकी का खारापन कम हो जाएगा। अब चाशनी बनाने के लिए कड़ाही में 1 कटोरी चीनी डाल दीजिए और चौथाई कप पानी डाल कर इसे गैस पर रखें। चीनी के पानी में अच्छे से घुल जाने के बाद लौकी लच्छा को चाशनी में डालकर 6-7 मिनट पकने दीजिए। फिर लौकी लच्छा को पलट दीजिए और दूसरी तरफ से भी पकने दीजिए। चाशनी के गाढ़ा होने तक इन्हें पकाना है। चाशनी के ड्राय हो जाने के बाद लच्छों को प्लेट में निकाल लीजिए। इनका धागा काट कर लच्छों को अलग-अलग करके इसे ठंडा होने दीजिए। हल्का सा ठंडा हो जाने के बाद इन्हें हाथ से ही अलग-अलग कर लीजिए। इसमें गुलाब जल डालें। स्वादिष्ट लौकी गुलाब लच्छा बन कर तैयार है।
सेब की खीर
सामग्री : सेब आधा किलो, दूध 1 लीटर, शक्कर 100 ग्राम, काजू 15 से 20, किशमिश 15 से 20, पिस्ता 10 से 12, हरी इलायची 4 छील कर कूटी हुई, बेकिंग सोडा 2 चुटकी।
विधि : सबसे पहले सेब को धोकर छील लें और बीज वाला हिस्सा अलग कर दें। इसके बाद सेब का गूदा कद्दूकस कर लें। अब बर्तन में दूध को उबालें। उबाल आने पर उसे चलाएं और तब तक पकाएं, जब तक वह आधा न रह जाए। फिर दूध में बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह से मिला लें। उसके बाद दूध में कद्दूकस किया हुआ सेब डाल दें और चलाते हुए दूध के गाढ़ा होने तक पकाएं। खीर के गाढ़ा होने पर उसमें शक्कर और मेवे मिला दें और चलाते हुए 2-3 मिनट तक पकाएं। उसके बाद कुटी हुई इलायची मिला दें और गैस बंद कर दें। इस खीर को आप ठंडा या गर्म दोनों तरह से खा सकते हैं।
ड्राई फ्रूट्स हलवा
सामग्री : सूखे खजूर 1 कटोरी, नारियल 1, काजू 8 से 10, अखरोट- 4, पिस्ता 5 से 6, चीनी 2 चम्मच, दूध 1 कटोरी, इलायची आधा चम्मच बारीक कुटी, घी 2 बड़े चम्मच।
विधि : ड्राई फ्रूट्स हलवा बनाने के लिए सबसे पहले खजूर को धो लीजिए और 2 घंटे इसे दूध में भिगो लीजिए। 2 घंटे बाद बीज निकाल लीजिए और ग्राइंड कर के पेस्ट बना लीजिए। अब नारियल को भी कद्दूकस कर लीजिए और काजू, अखरोट, पिस्ता को दरदरा कूट लीजिये। अब कड़ाही में घी गर्म कर लीजिए। खजूर पेस्ट, नारियल, ड्राई फ्रूट्स, इलायची पाउडर डालकर धीमी आंच पर पका लीजिए और अच्छे से पकने पर दूध, चीनी डाल दीजिए। अब जब तक हलवा घी ना छोड़ने लगे, उसे पकाएं। घी निकलने तब गैस बंद कर दीजिए और गरमागरम परोसिये।
The post घर पर बनीं मिठाइयों का आनंद लें appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/31DuxsK
via Latest News in Hindi
0 Comments