कोरोना वायरस : ह्युंडई ने कोरिया में उत्पादन रोका
वाशिंगटन/बीजिंग, 5 फरवरी (एजेंसी)
कोरोना वायरस के चीन से बाहर फैलने के मद्देनजर ह्युंडई मोटर्स ने दक्षिण कोरिया में अपना प्रोडक्शन फिलहाल रोक दिया है। हालांकि, कंपनियों को अभी वायरस फैलने के कारण बहुत ज्यादा नुकसान नहीं हो रहा है क्योंकि इस दौरान सभी फैक्टरियां ‘चीनी नववर्ष’ के उपलक्ष्य में सामान्य रूप से एक सप्ताह के लिए बंद होती हैं।
उधर, चीन में इस वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 490 हो गई और इसके 24,324 मामलों की पुष्टि हुई है। चीन राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि मंगलवार को इससे 65 लोगों की जान गई और ये सभी हुबेई प्रांत और उसकी राजधानी वुहान से थे। आयोग ने बताया कि मंगलवार को 3,887 नए मामलों की भी पुष्टि हुई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि छुट्टियां खत्म होने के बाद कोरोना वायरस फैलने से होने वाला आर्थिक नुकसान भी बढ़ेगा। अगर चीन में प्रोडक्शन का काम अगले कुछ सप्ताह तक और बंद रहा तो पश्चिमी देशों की ऑटो कंपनियों, व्यापारियों और उन सभी फर्मों को जो अपने सामान के विनिर्माण के लिए चीन पर निर्भर हैं खासी दिक्कत आने वाली है।
एयरलाइन ने कर्मचारियों को अवकाश पर भेजा
हांगकांग की प्रमुख एयरलाइन कैथे पैसिफिक ने अपने सभी कर्मचारियों को अवैतनिक अवकाश पर जाने का निर्देश दिया है। पिछले साल राजनीतिक अस्थिरता और विरोध प्रदर्शन की वजह से एयरलाइन के लिए मुश्किल वक्त था और अब कोरोना वायरस के कारण कामकाज प्रभावित हुआ है।
जापान के क्रूज में 10 लोग पाये गये संक्रमित
टोक्यो : जापान ने कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिस क्रूज़ के यात्रियों को अलग रखा था, उनमें से कम से कम 10 लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं। जापान के स्वास्थ्य मंत्री कतसुनोबू काटो ने पत्रकारों को बताया कि ‘डायमंड प्रिंसेज’ क्रूज़ पर सवार 273 लोगों के नमूनों की जांच की गई थी। योकोहामा तट पर सोमवार शाम पहुंचे ‘डायमंड प्रिंसेज’ क्रूज पर 2,666 यात्री और चालक दल के 1,045 सदस्य सवार हैं, जो करीब 14 दिन तक नौका पर ही रहेंगे। उन्होंने बताया कि अभी तक 31 नमूनों की रिपोर्ट आ गई है, जिनमें से 10 वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
The post कोरोना वायरस : ह्युंडई ने कोरिया में उत्पादन रोका appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2S0GtBG
via Latest News in Hindi
0 Comments