दिनेश भारद्वाज/ट्रिन्यू
चंडीगढ़, 5 फरवरी
जननायक जनता पार्टी (जजपा) नेता और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब वे जेड सिक्योरिटी में रहेंगे। बुधवार को सरकार के आदेश पर पुलिस विभाग ने उनकी सुरक्षा में लगे जवानों की संख्या में इजाफा कर दिया। हरियाणा में सीएम मनोहर लाल खट्टर ही अकेले ऐसे नेता हैं, जिन्हें जेड प्लस सिक्योरिटी मिली हुई है। हालांकि, केंद्र
और राज्यों की जेड प्लस सिक्योरिटी में भी अंतर है। जेड सिक्योरिटी हासिल करने वाले दुष्यंत हरियाणा के दूसरे व्यक्ति हैं। उनसे पहले डेरा सच्चा सौदा के गुरमीत राम रहीम को सजा सुनाने वाले सीबीआई की विशेष अदालत के जज जगदीप सिंह को सरकार ने जेड सिक्योरिटी दी हुई है।
दरअसल, 29 जनवरी को चंडीगढ़ में स्टेट इंटेलिजेंस ब्यूरो मुख्यालय में हुई स्टेट लेवल रिव्यू कमेटी की बैठक में दुष्यंत की सुरक्षा बढ़ाने की सिफारिश की गई थी। चंडीगढ़ एसआईबी के एडीजीपी मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में हरियाणा पुलिस ने सिक्योरिटी के आईजी सौरभ सिंह, सीआईडी के एसपी हामिद अख्तर, चंडीगढ़ स्टेट इंटेलिजेंस ब्यूरो के असिस्टेंट डायरेक्टर जेपी जस्सू और गृह विभाग के अंडर सेक्रेटरी महासिंह मौजूद रहे। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के दौरान दुष्यंत को अबू धाबी से किसी ने फोन पर मारने की धमकी दी थी। यह फोन दुष्यंत के पीए सतीश बेनीवाल के मोबाइल पर आया था। उचाना पुलिस स्टेशन में 15 अक्तूबर को इस संदर्भ में पुलिस केस भी दर्ज किया गया था। धमकी देने वाले की पहचान रेवाड़ी के रामपुरा के रहने वाले बलराम के पुत्र पवन के रूप में हुई थी। रिव्यू कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि यह मामला इंटरनेशनल धमकी से जुड़ा है और दुष्यंत चौटाला अब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री हैं, ऐसे में उनकी सिक्योरिटी बढ़ाई जानी चाहिए। सरकार ने तुरंत प्रभाव से अगले 6 महीनों के लिए दुष्यंत को जेड सिक्योरिटी देने के आदेश दिए। इसके बाद फिर से रिव्यू होगा और ज़रूरी हुआ तो सिक्योरिटी को कम भी किया जा सकता है और बढ़ाया भी जा सकता है। दूसरी ओर, यह भी कहा जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा द्वारका रैली में दुष्यंत चौटाला की तारीफ करने के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है। दरसअल, इस रैली में पीएम ने दुष्यंत को सबसे ऊंचा नेता और अपना मित्र कहकर बुलाया था। इसके बाद से जननायक जनता पार्टी वर्करों के हौसले बढ़े हुए हैं। इस पूरे घटनाक्रम को प्रदेश की राजनीति में दुष्यंत को राजनीतिक कद बढ़ने के तौर पर भी देखा जा रहा है।

कोठी पर भी बढ़े जवान
सरकार के आदेश के बाद दुष्यंत के काफिले में गाड़ियों की संख्या बढ़ा दी गई है। उनके पास पहले से मौजूद हरियाणा पुलिस के जवानों और कमांडों के अलावा और भी सुरक्षा जवान तैनात कर दिए गए हैं। उनकी चंडीगढ़ की सरकारी कोठी के साथ जींद और सिरसा की कोठी पर भी पुलिस फोर्स बढ़ गई है।

जैमर पर सस्पेंस
आमतौर पर जेड प्लस सिक्योरिटी में जैमर से लैस गाड़ी भी काफिले में होती है। अब देखना यह होगा कि दुष्यंत को जेड सिक्योरिटी के साथ सरकार जैमर की भी सुविधा देती है या नहीं। पंजाब में भाजपा और अकाली गठबंधन सरकार के दौरान उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को जैमर सुविधा मिली हुई थी।

The post दुष्यंत को जेड सिक्योरिटी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/399cWLW
via Latest News in Hindi

0 Comments