चंडीगढ़, 5 फरवरी (ट्रिन्यू)
हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर शायराना अंदाज में हमला बोला है। बुधवार को ट्विटर के जरिये उन्होंने दिल्ली की प्रदूषित हवा और जहरीले पानी के लिए आम आदमी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। विज ने अपने ट्वीट किया- ‘जहरीली हवा-जहरीला पानी, केजरीवाला तेरी यही कहानी।’
विज ने कहा कि दिल्ली वालों को केजरीवाल जहरीला पानी पिला रहे हैं। 1370 किलोमीटर यमुना में से वजीराबाद से ओखला के बीच का 22 किमी हिस्सा दिल्ली में पड़ता है। यह नदी की कुल लंबाई का 2 प्रतिशत से भी कम है, लेकिन उसमें 76 प्रतिशत प्रदूषण है। विज ने कहा कि कहा कि केजरीवाल सरकार ने 5 साल से लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर भी धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि शाहीन बाग और जामिया मिलिया कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का ज्वाइंट वेंचर है। विज ने कहा कि दिल्ली के लोगों को न तो स्वच्छ पानी मिल रहा है और न ही शुद्ध हवा। दिल्ली में शिक्षा व स्वास्थ्य के नाम पर भी ड्रामेबाजी अधिक हुई है, जबकि ग्राउंड पर काम नहीं हुआ। गंदा पानी यमुना नदी में जा रहा है, लेकिन दिल्ली सरकार ने इसे रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाए।
पिछले सप्ताहभर से दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए दिल्ली में डेरा डाले हुए विज कई
हलकों का दौरा कर चुके हैं। अनिल विज ने कहा कि दिल्ली के लोग इस बार बदलाव का मूड बना चुके हैं। वे केंद्र सरकार की नीतियों में विश्वास जताएंगे। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की मिलीभगत भी लोगों को अच्छे से समझ आ चुकी है। जम्मू-कश्मीर में धारा-370 को हटाने  जैसा फैसला भाजपा सरकार ने ही लिया है।

सबको कर रहे गुमराह
विज ने कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल किसी भी मुद्दे पर स्टैंड नहीं रखते। वे पंजाब में जाते हैं तो हरियाणा के लोगों के खिलाफ बोलते हैं और हरियाणा आते हैं तो पंजाब के साथ दिल्ली को भी भूल जाते हैं। हरियाणा में भाजपा ने पिछले पांच वर्षों में ऐतिहासिक विकास कार्य किए। व्यवस्था परिवर्तन किया और भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम किया। दिल्ली की सरकार के पास बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है।

The post दिल्ली को जहरीला पानी पिला रहे केजरीवाल : विज appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/373NtlM
via Latest News in Hindi

0 Comments