नयी दिल्ली, 11 फरवरी (एजेंसी)
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर मंगलवार को सीएए विरोधी प्रदर्शनों के केन्द्र शाहीन बाग में जश्न मनाया गया। इस दौरान कई लोगों ने पार्टी की जीत को लेकर मुफ्त में भोजन और बिरयानी बांटी। शाहीन बाग में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ दो महीने से महिलाएं और युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। शाहीन बाग में रहने वाली शमीमा बानो ने कहा, ‘यह हम सभी की जीत है। हम सभी ने अमानत भाई (अमानतुल्ला खान) को अपना नेता चुना है। उन्होंने इस क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं की हर तरह से मदद की है। उन्होंने इस इलाके के कई युवाओं को रोजगार दिलाया है।’
विकास के एजेंडे की जीत
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप के प्रदर्शन को ‘नफरत और गंदी राजनीति पर विकास के एजेंडे की जीत’ करार दिया। आम आदमी पार्टी पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा में 19 विधायकों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है। चीमा ने ट्वीट किया, ‘आम आदमी पार्टी के पक्ष में इस भारी जनादेश के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और दिल्ली के लोगों को बधाई। यह नफरत और गंदी राजनीति पर विकास के एजेंडे की जीत है।’

The post शाहीन बाग और जामिया नगर में जश्न appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/31LlQNf
via Latest News in Hindi

0 Comments