गुरदासपुर, 11 फरवरी (निस)

बंद के दौरान बंद पड़े बाजार।-निस

कस्बा धारीवाल में गत देर सायं दो अज्ञात युवकों की ओर से की गई अंधाधुंध फायरिंग में अशोक कुमार की मौत तथा शिवसेना नेता ह​नी महाजन के गंभीर घायल हो जाने के रोष के चलते धारीवाल शहर मंगलवार को पूरी तरह बंद रहा। ​इस बंद में शिवसेना ​समेत कई अन्य संगठनों ने पंजाब पुलिस तथा सरकार के खिलाफ रोष मार्च कर डडवा चौक धारीवाल में धरना दिया। पुलिस की ओर से इस दौरान शहर के चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा की गई। पुलिस की ओर से मृतक के पिता के बयानों पर मामला दर्ज कर मृतक अशोक कुमार के शव का पोस्टमार्टम कर उसका दाह-संस्कार भी करवाया गया।
धरने को संबोधित करते हुए शिवसेना हिंदोस्तान के राष्ट्रीय प्रधान पवन गुप्ता ने आरोप लगाया कि डीजीपी पंजाब के पास हिंदू नेताओं पर हो रहे का​तिलाना हमलों की बात तक सुनने का वक्त नहीं है। उन्होंने कहा कि कातिलाना हमला पुलिस प्रशासन और खुफिया विभाग की अनदेखी का नतीजा है।
लगभग चार घंटे चले रोष धरने में उन्होंने कहा कि अगर पंजाब से बाहर किसी ​अन्य समुदाय के किसी व्यक्ति के साथ कोई घटना घटती है तो पंजाब के मुख्यमंत्री तुरंत बयान देकर केंद्र सरकार से दखल देने की मांग करते हैं परन्तु हनी महाजन पर हुए काति​लाना हमले और एक अन्य नौजवान की मौत के घंटों बाद भी पंजाब के मुख्यमंत्री या डीजीपी का कोई बयान नहीं आया।

गुरदासपुर के धारीवाल में मंगलवार को हमले के विरोध में धरना देते विभिन्न संगठनों के सदस्य। -निस

शिवसेना पंजाब के राष्ट्रीय प्रधान संजीव घनौली, शिव सेना टकसाली के राष्ट्रीय नेता संजीव सूरी, शिव सेना बाल ठाकरे के हरविंदर सोनी, रोहित महाजन, र​वि शर्मा, रोहित मैगी, सतीश महाजन, जय प्रकाश लाली आदि ने भी रोष धरने को संबोधित करते हुए सरकार से मांग की कि मृतक अशोक कुमार के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता के साथ-साथ हनी महाजन का इलाज मुफ्त करवाया जाए। रोष धरने में पहुंचे एडीसी तेजिंदर पाल संधू ने प्रदर्शनकारियों को विश्वास दिलाया कि उनकी मांगों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे। इसके उपरांत धरना हटा लिया गया।

कई थ्योरियों पर काम कर रही पुुलिस
फायरिंग की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस विभिन्न एंगल पर काम कर रही है। इस संबंध में पुलिस की ओर से तकरार से लेकर निजी रंजिश तक के रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं। इस संबंधी पुलिस की ओर से विभिन्न थ्योरियों पर काम कर जल्द से जल्द मामला सुलाझने का प्रयास किया जा रहा है। परन्तु अभी तक फिल्हाल कोई सुराग नहीं लग पाया है। आईजी एस पी एस परमार का कहना है कि पुलिस सभी तत्थों की गहनता से पड़ताल करेगी लेकिन अभी कुछ भी बताना जल्दबाजी होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस हर बिंदू पर बारीकी से नजर रख रही है तथा वह खुद इस केस पर हर जानकारी खुद हासिल कर रहे हैं।

 

 

The post शिवसेना नेता पर फायरिंग के विरोध में धारीवाल में पूर्ण बंद appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/37mOaGS
via Latest News in Hindi

0 Comments