संगीतमय अलार्म कम कर सकता है सुबह की सुस्ती !
मेलबर्न, 3 फरवरी (एजेंसी)
यदि सोकर उठने के बाद भी आप ताजगी की जगह सुस्ती महसूस करते हैं तो मधुर संगीतमय अलार्म नींद से जागते ही आपका मूड अच्छा कर सकता है। पत्रिका ‘पीएलओएस वन’ में प्रकाशित शोध में कहा गया है कि सुबह जिस तरह का अलार्म सुनकर लोग जागते हैं, वह तय करता है कि उनकी सुस्ती दूर होगी या नहीं।
ऑस्ट्रेलिया की आरएमआईटी यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने पाया है कि मधुर संगीतमय अलार्म से सजगता का स्तर बेहतर हो सकता है, इसके विपरीत कर्कश ध्वनि से सुबह के वक्त सुस्ती बढ़ सकती है। यह निष्कर्ष उन लोगों के लिए लाभदायक हो सकता है जिन्हें सुबह उठते ही काम पर लग जाना होता है। विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर एडरियान डायर ने कहा, ‘नींद से जागने पर ‘बिप बिप’ की कर्कश ध्वनि से मस्तिष्क की गतिविधियां भ्रमित हो जाती हैं जबकि मधुर ध्वनि जैसे कि बीच बॉयज की ‘गुड वाइब्रेशन्स’ से हम अच्छे से जाग पाते हैं।’
मुख्य शोधकर्ता स्टुअर्ट मैकफारलेन ने कहा कि यह उन लोगों के लिए खास मायने रखता है जो जागते ही खतरनाक हालात में काम करते हैं जैसे कि दमकल विभाग का कार्य, पायलट के रूप में विमान उड़ाने का कार्य, अस्पताल या कोई अन्य आपात कार्य जिसमें लोगों को बेहद चौकन्ना रहना पड़ता है।
The post संगीतमय अलार्म कम कर सकता है सुबह की सुस्ती ! appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/36Y5xgW
via Latest News in Hindi
0 Comments