हुड्डा लिखकर दें तो कराएंगे सीबीआई जांच
चंडीगढ़, 7 फरवरी (ट्रिन्यू)
हरियाणा में धान खरीद में सैकड़ों करोड़ रुपये घोटाले के पूर्व सीएम व विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आरोप पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला ने पलटवार किया है। शुक्रवार को सरकार के 100 दिन पूरी होने के मौके पर मुख्यमंत्री खट्टर की प्रेस कांफ्रेंस में दुष्यंत ने कहा, अगर हुड्डा साहब लिखकर देंगे तो सरकार सीबीआई जांच भी कराने को तैयार है। सीबीआई जांच में पिछले 10 वर्षों में हुई धान खरीद के घोटाले का पर्दाफाश हो जाएगा।
विपक्षी दलों के चावल मिल मालिकों से मिलीभगत के आरोप पर दुष्यंत ने कहा, प्रदेश में यह पहला मौका है जब धान के स्टॉक की एक नहीं बल्कि दो बार फिजिकल वेरिफिकेशन कराई गई। इसमें भी कुल धान का करीब आधा प्रतिशत यानी 34 हजार मीट्रिक टन के करीब कम स्टॉक मिला। चावल मिलों के साथ किए गए एग्रीमेंट में एक प्रतिशत तक की तो नमी के चलते वैसे ही छूट दी जाती है। कांग्रेस सरकार के समय में 2013 में 70 हजार मीट्रिक टन तक धान का स्टॉक कम मिला था।
दुष्यंत ने कहा कि धान खरीद में किसी तरह का घोटाला नहीं हुआ। फिर भी जिन चावल मिलों के यहां 1 प्रतिशत से अधिक स्टॉक कम मिला है, उन्हें नोटिस दिए गए हैं। उनसे रिकवरी भी की जा रही है। दुष्यंत ने कहा कि रिकवरी तो ब्याज और जुर्माने सहित करीब 90 करोड़ रुपये की होनी है, लेकिन खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने चावल मिलों का 700 करोड़ रुपये का भुगतान रोका हुआ है। कांग्रेस सरकार के समय कभी भी चावल मिलों के बकाया को नहीं रोका गया। जांच पूरी होने और रिकवरी के बाद मिल मालिकों को बकाया का भुगतान किया जाएगा।
The post हुड्डा लिखकर दें तो कराएंगे सीबीआई जांच appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/37945bM
via Latest News in Hindi
0 Comments