शाहीन बाग, जामिया नगर प्रदर्शन संयोग नहीं, राजनीतिक षड्यंत्र
नयी दिल्ली (ईस्ट) में सोमवार को चुनावी सभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। -मुकेश अग्रवाल
हरीश लखेड़ा/ट्रिन्यू
नयी दिल्ली, 3 फरवरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध को सुनियोजित साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि सीलमपुर हो, जामिया हो या फिर शाहीन बाग, बीते कई दिनों से सीएए को लेकर प्रदर्शन हुए। ये प्रदर्शन सिर्फ एक संयोग नहीं हैं, ये एक प्रयोग हैं और इसके पीछे राजनीति का एक ऐसा डिजाइन है जो राष्ट्र के सौहार्द को खंडित करने के इरादे रखता है। उन्होंने शाहीन बाग धरने के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि दिल्ली को इस अराजकता में नहीं छोड़ा जा सकता है। मोदी ने चेताया कि अन्यथा कल फिर किसी और सड़क को बंद किया जाएगा। इस मानसिकता को यहीं रोकना जरूरी है। यदि इनकी साजिश बढ़ी तो ये और गली व सड़कों को रोकेंगे। उन्होंने लोगो से कहा कि इसका जवाब दिल्ली वासियों को चुनाव में देना चाहिए।
दिल्ली विधानसभा के चुनाव प्रचार के लिए सोमवार को जमनापार के कड़कड़डूमा क्षेत्र में मोदी की यह पहली रैली थी। उनकी दूसरी रैली मंगलवार को द्वारका क्षेत्र में होगी। इस मौके पर मोदी ने शाहीन बाग का मुद्दा जोरशोर से उठाया। मोदी ने कहा कि दिल्ली की जनता सब देख रही है। दिल्ली से नोएडा आने-जाने वाले लोग परेशान हैं। उन्होंने सीएए के विरोध प्रदर्शनों के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर जमकर सियासी हमले करते हुए कहा कि यदि सिर्फ एक कानून का विरोध होता तो सरकार के तमाम आश्वासनों के बाद खत्म हो जाता, लेकिन आप और कांग्रेस राजनीति का खेल खेल रहे हैं। संविधान और तिरंगे को सामने रखकर ज्ञान बांटा जा रहा है। मोदी ने कहा कि बाटला हाउस को फर्जी एनकाउंटर कहने वाले लोग ही भारत के टुकड़े-टुकड़े करने वालों को आज तक बचाते रहे हैं।
मोदी ने कहा कि एक ओर संविधान दिखा रहे, तो दूसरी ओर अदालत का फैसला नहीं मान रहे हैैं। अदालत की भावना यही रही है कि विरोध प्रदर्शन से सामान्य लोगों को दिक्कत न हो, देश की संपत्ति का नाश न हो। उन्होंने इसे वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का भारत नफरत से नहीं विकास की राष्ट्रनीति से चलेगा।
अराजकतावादी और आतंकवादी में ज्यादा फर्क नहीं : जावड़ेकर
केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोमवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वयं को ‘अराजकतावादी’ बताया था और ‘एक अराजकतावादी और आतंकवादी में बहुत ज्यादा का फर्क नहीं होता।’ केजरीवाल को कथित तौर पर ‘आतंकवादी’ कहने को लेकर निर्वाचन आयोग द्वारा भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के बाद जावड़ेकर ने यह बयान दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा,‘केजरीवाल अब एकदम मासूम चेहरा करके सवाल कर रहे हैं कि ‘क्या मैं आतंकवादी हूं?’ आप आतंकवादी हैं और यह साबित करने के लिए बहुत सबूत हैं। आपने खुद ही कहा था कि आप अराजकतावादी हैं। अराजकतावादी और आतंकवादी में ज्यादा फर्क नहीं होता।’
The post शाहीन बाग, जामिया नगर प्रदर्शन संयोग नहीं, राजनीतिक षड्यंत्र appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/31nvRzQ
via Latest News in Hindi
0 Comments