अंबाला क्लब में चुनाव से पहले छिड़ा घमासान
अंबाला शहर, 2 फरवरी (हप्र)
अंबाला क्लब के प्रबंधन पर लगे आरोपों को बेहद गंभीर बताते हुए क्लब के पूर्व चेयरमैनों ने जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की है। कल ये लोग उपायुक्त से मिलकर सारा मामला उठायेंगे। इन लोगों ने कहा कि सच्चाई का सामने आना बेहद जरूरी है ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उधर, चेयरमैन अरविंद्र सीकरी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि क्लब के आने वाले चुनावों के दृष्टिगत यह सुनियोजित षड्यंत्र ही है। आज पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व चेयरमैन डॉ. सन्नी सिंह आहलुवालिया और 2 बार चेयरमैन रह चुके सुनील मोहन त्रिखा, क्लब के पूर्व पदाधिकारियों संजय सेठी, गगन, जितेंद्र सिंह आदि ने नैतिकता के आधार पर वर्तमान चेयरमैन से इस्तीफा देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि अंबाला क्लब से हटाए गए कर्मचारी द्वारा सीएम विंडो पर दर्ज करवाई गई शिकायत काफी चिंताजनक है।
कई पूर्व चेयरमैनों ने पत्रकार वार्ता में लगाये आरोप
पूर्व चेयरमैन डॉ. सन्नी सिंह आहलुवालिया ने कहा नौकरी से निकाले जाने के बाद जिस तरह कर्मचारी प्रदीप कुमार ने मौजूदा क्लब प्रबंधन पर जो आरोप लगाए हैं, वे बेहद ही गंभीर हैं। इन आरोपों से न केवल क्लब की छवि को नुकसान हुआ है बल्कि प्रबंधन की गतिविधियां भी जांच के दायरे में आ गई हैं। दो बार क्लब के चेयरमैन रह चुके सुनील मोहन त्रिखा ने कहा कि क्लब का कोई सदस्य सपने में भी यह सोच नहीं सकता कि क्लब में इतने बड़े स्तर पर धांधली हो रही होगी। सदस्य गगनजीत धमीजा ने कहा कि आरोपों के चलते क्लब के चेयरमैन सहित आरोपों के घेरे में आए सभी पदाधिकारियों को नैतिकता के आधार पर अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।
The post अंबाला क्लब में चुनाव से पहले छिड़ा घमासान appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/37O0ml0
via Latest News in Hindi

0 Comments