समस्याओं के बजाय समाधान पर करें काम : मनोहर लाल
फरीदाबाद में शनिवार को मुख्यमंत्री मनोहरलाल पर्यावरण की दिशा में काम करने वाले छात्र को सम्मानित करते हुए। साथ हैं परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा, डा. प्रशांत भल्ला व अमित भल्ला। -हप्र
फरीदाबाद, 1 फरवरी (हप्र)
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मानव रचना इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च एंड स्टडीज, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास और दक्षिणा फाउंडेशन द्वारा आयोजित पर्यावरण चुनौतियां और समाधान विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, छात्रों, पर्यावरणविदों और उद्यमियों को पर्यावरण के लिए कार्य करने पर सम्मानित किया। इस अवसर पर मानव रचना अध्यक्ष डा. प्रशांत भल्ला एवं उपाध्यक्ष डॉ.अमित भल्ला ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल का सम्मेलन में स्वागत किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भविष्य की पीढि़यों के लिए विवेकपूर्ण तरीके से संसाधनों का उपयोग करना समय की आवश्यकता है और हमें समस्याओं के बजाय समाधान की दिशा में काम करना चाहिए। इस दिशा में हरियाणा सरकार की कुछ पहलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर आम लोगों को पर्यावरण के प्रति काम करने के लिए शामिल करने की आवश्यकता है। पर्यावरण और विकास दोनों टिकाऊ होने चाहिए। उन्होंने पर्यावरण के लिए काम करने वाली महिलाओं को भी प्रेरित किया।
22 आइडिएशन प्रोजेक्ट प्रदर्शित
सम्मेलन के दौरान आयोजित युवा जलसा में कुल 22 आइडिएशन प्रोजेक्ट और 30 प्रोजेक्ट्स को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आइडिएशन प्रोजेक्ट्स को ढाई-ढाई लाख और प्रोजेक्ट कॉम्पिटीशन को 21 हजार, 31 हजार और 51 हजार की राशि से सम्मानित किया। कार्यक्रम में संजय स्वामी, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा, नरेंद्र गुप्ता, अजय गौड़, गोपाल शर्मा, उपासना अग्रवाल, डीसी यशपाल यादव, प्रोफेसर आलोकदीप, डा. संजय श्रीवास्तव, डा. एमएम कथूरिया, एचके बतरा, ललित गोस्वामी, रमणीक प्रभाकर समेत कई वरिष्ठ लोग मौजूद रहे।
The post समस्याओं के बजाय समाधान पर करें काम : मनोहर लाल appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/37NRtYE
via Latest News in Hindi
0 Comments