पुलवामा हमले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने से इनकार
ट्रिब्यून न्यूज सर्विस
चंडीगढ़, 13 फरवरी
केंद्र सरकार ने पुलवामा हमले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया है। सरकार इस हमले में शहीद हुए जवानों के नाम भी बताने को तैयार नहीं है। केंद्र की ओर से यह भी नहीं बताया गया कि हमले में मारे गए जवानों को शहीद माना गया है या नहीं।
आरटीआई एक्टिविस्ट पीपी कपूर ने सीआरपीएफ महानिदेशालय के डीआईजी (प्रशासन) एवं जनसूचना अधिकारी राकेश सेठी से इस संदर्भ में सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत जानकारी मांगी थी। कपूर का कहना है कि उन्होंने 9 जनवरी और 10 जनवरी 2020 के दो अलग-अलग आरटीआई के जरिये केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत सीआरपीएफ से कुल 5 बिंदुओं की सूचना मांगी थी। राकेश सेठी ने यह सूचना देने से इनकार कर दिया। सूचना सार्वजनिक न करने के पीछे उन्होंने कारण बताया कि आरटीआई एक्ट-2005 के अध्याय-6 के पैरा-24(1) के प्रावधानों अनुसार सीआरपीएफ को भ्रष्टाचार व मानवाधिकारों के उल्लंघन के मामलों को छोड़कर अन्य किसी भी प्रकार की सूचना देने से मुक्त रखा गया है।
कपूर ने कहा कि सरकार अपनी विफलता छिपाने के लिए जान-बूझकर सूचना सार्वजनिक नहीं कर रही। गौर हो कि पिछले साल 14 फरवरी को पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी अदील अहमद डार ने विस्फोटकों से भरी कार सीआरपीएफ के काफिले की बस से टकरा दी थी। इस हमले में करीब 40 जवान शहीद हो गये थे।
जवानों की याद में बने स्मारक का उद्घाटन आज
श्रीनगर (एजेंसी) : पिछले साल 14 फरवरी को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ कर्मियों की याद में बनाए गये स्मारक का लेथपुरा कैंप में शुक्रवार को उद्घाटन किया जाएगा। सीआरपीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक जुल्फिकार हसन ने बृहस्पतिवार को स्मारक स्थल का दौरा करने के बाद कहा, ‘यह उन बहादुर जवानों को श्रद्धांजलि देने का तरीका है, जिन्होंने हमले में अपनी जान गंवाई। स्मारक में उन शहीद जवानों के नाम के साथ ही उनकी तस्वीरें भी होंगी। साथ ही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का ध्येय वाक्य ‘सेवा और निष्ठा’ भी होगा।’ हसन ने कहा, ‘निश्चित रूप से यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी और हमने इससे सीख ली है। हम अपनी आवाजाही के दौरान हमेशा सतर्क रहते थे, लेकिन अब सतर्कता और बढ़ गयी है।’ उन्होंने कहा कि 40 जवानों के सर्वोच्च बलिदान ने देश के दुश्मनों को खत्म करने का हमारा संकल्प मजबूत बना दिया है। उन्होंने कहा, ‘हम आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान अतिरिक्त जोश से लड़ते हैं और यही कारण है कि अपने जवानों पर हमले के तुरंत बाद हम जैश-ए-मोहम्मद के कमांडरों को खत्म करने में सफल रहे।’
The post पुलवामा हमले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने से इनकार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2UQojVm
via Latest News in Hindi
0 Comments