वेलेंटाइन डे आज : ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर लगेगा भारी जुर्माना
चंडीगढ़ में बृहस्पतिवार को सेक्टर-34 की एक दुकान से वेलेंटाइन डे के लिए फूल खरीदती एक महिला। -नितिन मित्तल
आदित्य शर्मा/नगर संवाददाता
चंडीगढ़/पंचकूला, 13 फरवरी
प्रेमियों को दिल जीतने की चिंता क्या पहले कम रही होगी जिन्हें अब वेलेंटाइन डे पर ट्रैफिक चालान के भारी जुर्माने का डर बार-बार सता रहा है। सिटी ब्यूटीफुल में वेलेंटाइन डे पर प्रेम का इजहार करना और महंगा साबित होने वाला है। ट्रैफिक रूल्स तोड़ने पर नई दरों के हिसाब से भारी जुर्माना वसूलने की तैयारी कर ली गई है।
कल वेलेंटाइन डे पर ट्रैफिक पुलिस नए मोटर वाहन बिल में 10 गुना तक बढ़ाए जुर्माना करने की मंशा के साथ सड़क पर उतरेगी। बिना लाइसेंस के गाड़ी चलाने, रोमियोगिरी, रैश ड्राइविंग, प्रैशर हार्न, शराब पीकर गाड़ी चलाने, ओवर स्पीड में गाड़ी चलाने पर भारी जुर्माना वसूला जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन, नया प्रावधान, संबंधित धारा के उल्लंघन का दोगुना जुर्माना वसूलने का डर प्रेमियों को अभी से सताने लग पड़ा है।
चंडीगढ़ पुलिस ने पंजाब यूनिवर्सिटी और इसके आसपास के सेक्टरों में एहतियात के तौर पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। वेलेंटाइन डे मनाने के शौकीन अक्सर बाजारों में गेड़ियां लगा लगा कर अपने वेलेंटाइन को फूल देना पसंद करते हैं। वेलेंटाइन डे पर रोमियोगिरी करने पर वालों पर पुलिस का खास फोकस रहेगा। युवतियों के साथ छेड़़खानी करने, खतरनाक ड्राइविंग करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए पुलिस ने भी सेक्टर 8, 9, 10, 11, 15, 16, 17 और सेक्टर 22 की स्पेशल नाकों से घेराबंदी कर चैकिंग शुरू कर दी। इन सेक्टरों के पीजी में रह रही लड़कियों की सुरक्षा के खास प्रबंधों के मद्देनजर महिला अफसर सिविल ड्रेस में तैनात रहेंगी।
कॉलेजों, स्कूलों, होस्टलों पर नजर
एसएसपी नीलांबरी जगदले ने वेलेंटाइन डे पर शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में पुलिस अफसरों के साथ विशेष बैठक की है। कल चंडीगढ़ के चप्पे -चप्पे पर नजर रखने के लिए 714 पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इनमें तीन डीएसपी, 24 इंस्पेक्टरों और एसएचओ समेत अन्य पुलिस कर्मचारी शामिल किए गए हैं। इनके अलावा गर्ल्स कॉलेजों, स्कूलों, होस्टलों, पार्कों, व्यस्त बाजारों में पीसीआर पेट्रोलिंग के साथ महिला पुलिस कर्मचारी सादी वर्दी में तैनात रहेंगी।
The post वेलेंटाइन डे आज : ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर लगेगा भारी जुर्माना appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2UP6gPa
via Latest News in Hindi
0 Comments