आज से बैठकों का मैराथन दौर, हर विभाग से मांगा ब्योरा
चंडीगढ़, 6 फरवरी (ट्रिन्यू)
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के प्रचार से निपटने के बाद सीएम मनोहर लाल खट्टर चंडीगढ़ लौट चुके हैं। राजधानी में पहुंचते ही उन्होंने पुरानी फाइलों को निपटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। प्रदेश सरकार के पहले बजट को लेकर अब वे मैराथन बैठकें करेंगे। अभी तक बजट पूर्व चर्चा को लेकर विभिन्न संगठनों, उद्योगपतियों, व्यापारियों, किसानों-मजदूरों, दुकानदारों के अलावा अलग-अलग सेक्टर के लोगों से वे फीडबैक ले चुके हैं।
अब सीएम ने विभागवार जानकारी लेने का फैसला लिया है। इसके लिए वे एक-एक करके विभागों के मुखियाआें से बैठक करेंगे। इन बैठकों के लिए सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागों के मुखियाओं तथा बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशकों को निर्देश दे दिए हैं। शनिवार और रविवार को अवकाश के बावजूद सीएम अपनी सरकारी कोठी पर आला अधिकारियों के साथ मैराथन बैठकों में व्यस्त रहेंगे।
कृषि, सहकारिता, पीडब्ल्यूडी (भवन एवं सड़कें), राजस्व एवं आपदा प्रबंधन सहित अलग-अलग विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। प्रदेश में पहला ऐसा मौका है जब वित्त विभाग भी मुख्यमंत्री के पास है। प्रदेश का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होगा। यह भी पहली बार होगा कि बजट पेश करने से पहले उस पर तीन दिन बजट पूर्व चर्चा होगी। इस चर्चा में सभी मंत्री व विधायक अपने सुझाव रख सकेंगे। अधिकारियों की बैठकों के दौरान वे चालू वित्तीय वर्ष के बजट और उसमें विभिन्न मदों के तहत अब तक हुए खर्चों का हिसाब-किताब भी लेंगे।
साथ ही, सभी विभागों के उन मेजर प्रोजेक्ट की रिपोर्ट बनाने को कहा है, जिनके लिए अगले बजट में भी पैसों का प्रावधान किया जाना है। सभी प्रशासनिक सचिवों को कहा गया है कि वे कुछ नये आइडिया लेकर आएं ताकि उन पर भी मंथन हो सके।
विधायी कार्यों के अधिकार सीएम को
इस बीच, मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से सभी विभागों के प्रशासनिक सचिवों को पत्र जारी किया गया है। इस पत्र में उन्हें कहा गया है कि 20 फरवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र में आने वाले विधायी कार्यों की मंजूरी सीधे मुख्यमंत्री से ली जाएगी। 31 जनवरी को नयी दिल्ली में हुई कैबिनेट बैठक में मंत्रिमंडल ने बजट सत्र तक के लिए सभी तरह के फैसलों के लिए सीएम को अधिकृत कर दिया था। इसी के चलते प्रशासनिक सचिवों को हिदायत दी गई हैं।
खट्टर का दावा िदल्ली में बनेगी भाजपा सरकार
दिल्ली में चुनाव प्रचार थमने के साथ ही सीएम मनोहर लाल खट्टर ने दावा किया है कि इस बार भाजपा राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाएगी। 26 विधानसभा हलकों में चुनाव प्रचार के बाद खट्टर ने कहा, दिल्ली की जनता ने भाजपा को वोट देने का मन बना लिया है। राहुल गांधी द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी के प्रति की गई टिप्पणी पर सीएम ने कहा, राहुल हमेशा ही अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हैं। वैसे भी जो व्यक्ति मैदान ही छोड़ चुका है, उसके कुछ भी बोलने से कोई फर्क नहीं पड़ता। दिल्ली विस चुनाव को लेकर आए विभिन्न सर्वे को लेकर सीएम ने कहा, भाजपा का ग्राफ बढ़ा है और ट्रेंड के हिसाब से आगे और भी बढ़ेगा।
The post आज से बैठकों का मैराथन दौर, हर विभाग से मांगा ब्योरा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/39g5IpC
via Latest News in Hindi
0 Comments