लखनऊ, 8 फरवरी (एजेंसी)
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पहली बार आयोजित हो रहे डिफेंस एक्स्पो के दरवाजे शनिवार को आम जनता के लिए खोल दिए गए। रक्षा क्षेत्र में देश के शौर्य के प्रतीक बने इस आयोजन में शामिल होने के लिए खासी भीड़ उमड़ पड़ी। गोमती रिवर फ्रंट पर लोगों के लिए रक्षा सेनाओं के शौर्य की गाथा कहने वाले आयुध उपकरणों और युद्ध की झांकी पेश की गई। उत्साहित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ जवानों का हौसला बढ़ाया। लोगों ने इन दृश्यों को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शित किए गए टैंक, हेलीकॉप्टर तथा अन्य आयुध साजोसामान के साथ सेल्फी लेने की होड़ भी लग गई। स्कूल और कॉलेजों के छात्रों के बीच भी इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह नजर आया। राजधानी के एक निजी स्कूल के छात्र गौरव त्रिपाठी ने बताया कि अभी तक हम 26 जनवरी को परेड के दौरान टेलीविजन पर देश की सैन्य ताकत का एहसास करते थे लेकिन आज इसे प्रत्यक्ष रूप से देखना एक अभूतपूर्व अनुभव है। अपने परिवार के साथ एक्स्पो देखने पहुंचे कारोबारी अमित कुमार ने कहा कि वह भीड़भाड़ के बावजूद अपने बच्चों को इसलिए एक्स्पो दिखाने लाए ताकि वे देश की आन, बान, शान को करीब से महसूस कर सकें। यह एक ऐतिहासिक अनुभव है जो सारी जिंदगी याद रहेगा। डिफेंस एक्स्पो जाने के लिए आम लोगों के लिए मुफ्त बस सेवा शुरू की गई है।
एक्स्पो में 150 से अधिक विदेशी समेत 1000 से ज्यादा आयुध निर्माता कम्पनियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रही है।

The post सबके लिए खुला डिफेंस एक्सपो, उमड़ी भीड़ appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3bqkDz8
via Latest News in Hindi

0 Comments