सांसदों के साथ बजट पर रायशुमारी करेंगे खट्टर
चंडीगढ़, 8 फरवरी (ट्रिन्यू)
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर गठबंधन सरकार का पहला बजट तैयार करने में जुटे हैं। प्रदेश में यह पहला मौका है, जब वित्त मंत्रालय भी मुख्यमंत्री ने अपने पास रखा हुआ है। बजट को लेकर अलग-अलग सेक्टरों के प्रतिनिधियों के साथ 7 बैठकें कर चुके मुख्यमंत्री अब विभागवार अधिकारियों से फीडबैक ले रहे हैं। भाजपा के सभी सांसदों से भी राय-शुमारी करने का फैसला उन्होंने लिया है।
इस कड़ी में सीएम 10 फरवरी को नयी दिल्ली में भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद धर्मबीर सिंह के सरकारी आवास पर बैठक करेंगे। इसमें तीनों केंद्रीय मंत्रियों सहित सभी 10 सांसदों को आमंत्रित किया गया है। बैठक के दौरान भाजपा के हरियाणा मामलों के प्रभारी डॉ़ अनिल जैन भी उपस्थित रहेंगे। सीएम ने प्रदेश के सभी विधायकों से भी बजट पर चर्चा करने और उनके सुझाव लेने का फैसला लिया है। 20 फरवरी से प्रदेश का बजट सत्र शुरू होगा।
बजट सत्र से पहले 17 से 19 फरवरी तक सीएम विधायकों के साथ प्री-बजट चर्चा करेंगे। विधायकों के अच्छे सुझावों को बजट में शामिल करने का ऐलान सीएम पहले ही कर चुके हैं। खट्टर सरकार के पहले कार्यकाल में वित्त मंत्रालय का जिम्मा पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के पास था। अभिमन्यु ने लगातार 5 साल तक बजट पेश किये। 2019 के विधानसभा चुनाव में वे नारनौंद हलके से जननायक जनता पार्टी के रामकुमार गौतम से हार गए। खट्टर कैबिनेट के 8 मंत्रियों को चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा था।
10 को नयी दिल्ली में होने वाली सांसदों की बैठक में सीएम पार्टी के सभी 10 सांसदों से उनके लोकसभा क्षेत्रों की प्रमुख मांगों पर चर्चा करेंगे। साथ ही, सांसदों से ऐसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी, जिन्हें प्रदेश स्तर पर लागू किया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर व रतनलाल कटारिया को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है। धर्मबीर सिंह के आवास पर होने वाली बैठक में कुरुक्षेत्र सांसद नायब सिंह सैनी, करनाल सांसद संजय भाटिया, सोनीपत सांसद रमेश चंद्र कौशिक, रोहतक सांसद डॉ़ अरविंद शर्मा, हिसार सांसद बृजेंद्र सिंह तथा सिरसा सांसद सुनीता दुग्गल भी मौजूद रहेंगी। सांसदों से मिलने वाले फीडबैक को भी सरकार अपने बजट में शामिल करेगी। गत दिवस ही सीएम ने अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय 100 महिलाओं के साथ चंडीगढ़ में चर्चा की थी। बजट से महिलाओं को क्या उम्मीदें हैं, इस पर सीएम ने उनकी राय जानी।
पहली बार सीएम पेश करेंगे बजट
इस बार वित्त विभाग सीएम ने अपने पास ही रखने का फैसला लिया। यानी खट्टर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री होंगे जो खुद ही अपनी सरकार का वार्षिक बजट पेश करेंगे। 1989 बैच के आईआरएस (भारतीय राजस्व सेवा) अधिकारी योगेंद्र चौधरी को भी प्रतिनियुक्ति पर सीएमओ (मुख्यमंत्री कार्यालय) में नियुक्त किया जा चुका है। उन्हें सीएम की अतिरिक्त प्रधान सचिव लगाया गया है। माना जा रहा है कि बजट बनाने में योगेंद्र चौधरी की अहम भूमिका रहेगी।
छुट्टी वाले दिन भी चली मीटिंग
नयी दिल्ली में शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा था और इधर, सीएम मनोहर लाल खट्टर बैठकों में व्यस्त थे। उन्होंने प्री-बजट को लेकर अधिकारियों के साथ मैराथन बैठकों का दौर जारी रखा। वे अलग-अलग विभागों के प्रशासनिक सचिवों व विभागों के प्रमुखों से फीडबैक जुटा रहे हैं। केंद्र व राज्य सरकार की प्रदेश में चल रही योजनाओं की रिपोर्ट भी उन्होंने ली।
The post सांसदों के साथ बजट पर रायशुमारी करेंगे खट्टर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2SvGEUB
via Latest News in Hindi
0 Comments