राई उप-तहसील में रजिस्टि्रयों में फर्जीवाड़ा
पुरुषोत्तम शर्मा/ हप्र
सोनीपत, 20 फरवरी
जिले की राई उप तहसील में रजिस्ट्री में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि करीब 50 ऐसी रजिस्ट्रियां हैं, जो नियमों के विरुद्ध की गई हैं। इनमें गोलमाल की आशंका से मनाही नहीं की जा सकती है। इस संबंध में एसडीएम के नेतृत्व में गठित की गई प्रशासन की टीम ने रिपोर्ट बनाकर डीसी को भेज दी है। इसमें विजिलेंस जांच और मुकदमा दर्ज कराने की अनुशंसा की गई है।
बता दें कि डीसी सोनीपत को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि राई उप तहसील में बड़े पैमाने पर रजिस्ट्री करने में गडबड़ी की जा रही है। इसे लेकर डीसी ने एक जांच टीम का गठन किया था। इस टीम में एसडीएम सोनीपत आशुतोष राजन और डीटीपी को शामिल किया गया। टीम ने राई उप तहसील का करीब 2 साल का रिकार्ड जांचा है। इसमें 50 ऐसे रजिस्ट्रियां चिन्हित कर ली गई हैं, जो नियमों के विरुद्ध या नियमों को ताक पर रखकर की गई हैं।
इन रजिस्ट्री की सूची तैयार करके टीम ने अपनी रिपोर्ट डीसी को सौंप दी है। इसमें कहा गया है कि इन रजिस्ट्री में बड़े पैमाने में गड़बड़ी हुई है। इसकी विजिलेंस या सीएम फ्लाइंग स्कवाड से जांच कराए जाए और मुकदमा दर्ज करके जांच की जाए। ताकि इस पूरे प्रकरण में जो-जो अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे हैं, उनके नाम सामने आ सकें।
उप-तहसील में भ्रष्टाचार को लेकर प्रदर्शन हुआ था। इसमें पैसे की दलाली जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। सोनीपत के एसडीएम आशुतोष राजन ने कहा कि टीम ने जांच के बाद इसकी संस्तुति उपायुक्त को भेज दी है।
फर्जी दस्तावेजों पर रजिस्ट्री केस में 3 काबू
गुरुग्राम (हप्र) : शहर के पाॅश इलाकों में खाली पड़े प्लाॅट्स की फर्जी दस्तावेजों के सहारे रजिस्ट्री करवाने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है जिसमें एक महिला समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फरीदाबाद से विभा, लक्ष्मण विहार निवासी राजेंद्र उर्फ राजू व दिल्ली के पश्चिम पटेल नगर निवासी लक्की उप्पल को गिरफ्तार कर लिया। इन्होंने बताया कि ये पॉश इलाकों में ऐसे प्लॉट की रेकी करते जो काफी समय से लावारिस पड़े हुए हैं। इसके बाद जानकारी जुटाकर प्लाॅट ऑनर के फर्जी दस्तावेज तैयार करते और फर्जी मालिक को खड़ा कर प्लाॅट को बेच देते थे। ऐसी वारदातों को दिल्ली में अंजाम दिया गया। डीसीपी- ईस्ट चंद्रमोहन का कहना है कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित किए जाने की तैयारी की जा रही है।
The post राई उप-तहसील में रजिस्टि्रयों में फर्जीवाड़ा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2vOZy1a
via Latest News in Hindi
0 Comments