गुरुग्राम के मानेसर स्थित आर्मी के विशेष कैंप में बात करते चीन से लौटे युवक। -हप्र

नवीन पांचाल/हप्र
गुरुग्राम, 18 फरवरी
कोरोना वायरस के खौफ से निकलकर भारत पहुंचे युवकों ने कहा कि केंद्र सरकार मदद नहीं करती तो उनका स्वदेश लौटना ना मुमकिन था, क्योंकि वायरस के भय के कारण लोगों को अपने घरों से निकलना तो दूर खिड़की-दरवाजे खोलने तक की अनुमति नहीं थी। वुहान व आसपास के शहरों में श्मशान सरीखा नजारा हो गया था और लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए। मानेसर में आर्मी के विशेष कैंप में निगरानी में रखे गए युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए केंद्र सरकार व भारतीय सेना की तारीफ में खूब कसीदे पढ़े। इस कैंप में निगरानी में रखे गए सभी युवाओं की पहचान ऐतिहातन गोपनीय रखी गई है। बुहान में रह रहे एक युवक ने बताया, ‘इस वायरस के कारण मौतों का सिलसिला तो नवंबर 2019 में ही शुरू हो गया था, लेकिन इसका खौफ जनवरी 2020 में तब फैला जब बड़ी संख्या में मौते होने लगी।’ वह बताते हैं कि बुहान व इसके साथ सटे शहरों में बड़ी संख्या में लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं। वायरस को फैलने से रोकने के लिए दोनों समय विशेष प्रकार का केमिकल पूरे शहर में किया जाता और लोगों को सख्त हिदायत दी गई थी कि किसी भी सूरत में घरों से बाहर न निकलें और न ही खिड़की दरवाजे खोलें। एक अन्य छात्र ने बताया कि खाद्य सामग्री के चुनींदा स्टोर कुछ समय के लिए ही खोले जाते थे, लेकिन जब तक लोग पहुंचते खाने-पीने का सामान खत्म हो जाता। उन्होंने बताया कि उनके पास खाद्य सामग्री खत्म हो गई, लेकिन बड़ी मुश्किल से किसी तरह काम चलाया। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी को भारत सरकार संपर्क किया गया। जरूरी औपचारिकताओं और अलग-अलग रह रहे लोगों को एक साथ एकत्रित करने में समय लगा, लेकिन भारतीय अधिकारियों की मजबूत इच्छा शक्ति के कारण भारतीयों को पुनः जीवन दान मिल सका। सेना के डाक्टरों व अधिकारियों की विशेष निगरानी में रह रहे इन युवकों ने बताया कि भारत आने से पहले इस बात को लेकर भयभीत थे कि इन्हें कहां और किस हाल में रखा जाएगा।
चीन के वुहान व दूसरे शहरों से लाए गए लोगों की निगरानी करने वाली आर्मी टीम की प्रमुख मेजर जनरल रश्मि दत्ता ने बताया, ‘सरकार की ओर से अचानक संदेश मिलने पर सभी तैयारियां आनन फानन में की गई। शुरुआत के एक-दो दिन संभवतः कुछ सुविधाओं को लेकर कमी रही हो, लेकिन बाद में सभी कुछ दुरुस्त कर दिया गया।

The post कोरोना वायरस फैलने के कारण श्मशान सरीखा हो गया था वुहान appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2P7pzzx
via Latest News in Hindi

0 Comments