हिमाचल में बनने वाला सीमेंट बाहरी राज्यों में सस्ता, प्रदेश में महंगा
शिमला, 6 फरवरी (निस)
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश में सीमेंट के मूल्यों में बढ़ोतरी की आलोचना करते हुए कहा है कि सीमेंट के मूल्यों में लगातार बढ़ोतरी से साफ है कि प्रदेश में इन कंपनियों के साथ सरकार की पूरी सांठ गांठ है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में बनने वाला सीमेंट बाहरी राज्यों में सस्ता और प्रदेश में महंगा होने का साफ मतलब है कि सरकार ने इन्हें प्रदेश को लूटने की खुली छूट दे रखी है।
कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि प्रदेश के पर्यावरण की कीमत पर बन रहा सीमेंट आज प्रदेश के लोगों को मजबूरी में महंगी दरों में खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा है कि पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा यहां तक कि दिल्ली और राजस्थान तक में प्रदेश में बनने वाला सीमेंट 50 रुपये तक सस्ता मिल रहा है, जबकि इन राज्यों में इसकी ढुलाई का अतिरिक्त खर्च भी पड़ता है। उनका कहना है कि प्रदेश में इसकी कीमत सरकार को खुद निर्धारित करनी चाहिए।
राठौर ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि वह इनकी किसी भी मनमर्जी के आगे पूरी तरह नतमस्तक नजर आ रही है।
राठौर ने कहा है प्रदेश सरकार को तुरंत बढ़े हुए मूल्यों को रद्द कर कंपनियों की मनमर्जी पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों का किसी भी प्रकार से किसी भी स्तर पर कोई शोषण सहन नहीं किया जायेगा।
राठौर ने इन सीमेंट कंपनियों को भी चेताया है कि अगर उन्होंने इसी प्रकार की प्रदेश में अपनी लूट खसूट जारी रखी तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हितों से किसी प्रकार का खिलवाड़ सहन नहीं होगा।
The post हिमाचल में बनने वाला सीमेंट बाहरी राज्यों में सस्ता, प्रदेश में महंगा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2vWV9tb
via Latest News in Hindi
0 Comments