शिमला, 6 फरवरी (निस)
निलंबित पुलिस महानिरीक्षक ज़हूर जैदी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो गई है। हिमाचल सरकार ने इस संबंध में गृह, विधि और पुलिस विभाग के आलाधिकारियों की देखरेख में जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं।
सरकार ने आईपीएस अफसर जहूर जैदी को कोटखाई के गुड़िया प्रकरण में शिमला की पूर्व एसपी सौम्या सांबशिवन पर बयान बदलने के लिए दबाव बनाने के मामले में कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए सस्पेंड किया है। हालांकि जैदी का हैडक्वार्टर अब एडीजी होमगार्ड है। गृह विभाग के मुताबिक जैदी आगामी 17 मार्च तक निलंबित हैं। प्रदेश सरकार जैदी को चार्जशीट भी कर सकती है, लेकिन विभागीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
गौरतलब है कि कोटखाई प्रकरण से जुड़े पुलिस लॉकअप हत्याकांड में बीते दिनों अदालत में सुनवाई के दौरान कमांडेंट थर्ड आईआरबी एवं शिमला की पूर्व एसपी सौम्या सांबशिवन की भी गवाही हुई। उन्होंने जैदी के खिलाफ एक आवेदन भी अदालत में दिया था, जिसमें कहा गया था कि जैदी ने उन पर बयान बदलने के लिए दबाव डाला था। इस पर सीबीआई की विशेष अदालत ने प्रदेश पुलिस महानिदेशक को एक नोटिस जारी किया। नोटिस के जरिए मामले को देखने और जैदी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।

The post निलंबित आईजी अफसर जैदी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/377mJ3A
via Latest News in Hindi

0 Comments