कालीन फैक्टरी में जहरीली गैस से 3 बच्चों समेत 7 की मौत
सीतापुर, 6 फरवरी (एजेंसी)
सीतापुर जिले के बिसवां क्षेत्र में कालीन बनाने वाली एक फैक्टरी में गुरुवार को जहरीली गैस के रिसाव से एक ही परिवार के 5 सदस्यों समेत सात लोगों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिसवां थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में एक फैक्ट्री में अचानक जहरीली गैस रिसने लगी। इसके सम्पर्क में आने से 3 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गयी। फैक्ट्री का संचालक इस घटना के बाद से फरार है।
बिसवां के उपजिलाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया, ‘लखनऊ से विशेषज्ञों की एक टीम और राष्ट्रीय आपदा राहत बल भी मौके पर पहुंच गए हैं। गैस से प्रभावित इलाके को खाली करा लिया गया है।’ उन्होंने बताया कि हादसे से जुड़ी कोई भी सूचना जांच के बाद दी जाएगी। फैक्टरी क्षेत्र के पास कुछ कुत्ते भी मरे पाये गये हैं। कुमार ने बताया कि कालीन फैक्ट्री से सटी एक तेजाब फैक्ट्री में एक टैंकर धोया गया था। हो सकता है कि उसी से निकली गैस के कारण यह घटना हुई हो।
उधर लखनऊ में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि मृतकों में एक ही परिवार के 5 सदस्य शामिल हैं। मृतकों में अतीक (45), उसकी पत्नी सायरा (42) और उनके बच्चों आयशा (12), अफरोज (08) और फैसल (02) शामिल हैं। इसके अलावा मोटू (75) तथा पहलवान (70) की भी इस घटना में मौत हुई है। वे सभी कानपुर के रहने वाले थे। हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद की जाए।
The post कालीन फैक्टरी में जहरीली गैस से 3 बच्चों समेत 7 की मौत appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/375EVuC
via Latest News in Hindi
0 Comments