सीएए : राजनीति कर रही कुछ पार्टियां : संबित पात्रा
बटाला (गुरदासपुर), 10 फरवरी (निस)
सीएए के समर्थन में बटाला में तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने अनाज मंडी में इकट्ठ को संबोधित करते हुए कहा कि शाहीनबाग में बैठे लोग एंबुलेंस को रास्ता देकर खुद को बड़ा काम करने वाला मान रहे हैं, जबकि यह उनकी छोटी सोच की उदाहरण है। पात्रा ने कहा कि महात्मा गांधी का सपना तो मोदी सरकार पूरा कर रही है, कांग्रेस ने तो केवल महात्मा गांधी के नाम का इस्तेमाल किया है। पात्रा ने कहा कि अगर पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार होगा तो हिन्दोस्तान उन्हें नागरिकता का अधिकार देगा। कुछ राजनीतिक पार्टियां जानबूझकर सीएए के खिलाफ बोल रही हैं।
पात्रा ने कहा कि इस कानून का विरोध करने वाले कई लोग जिन्ना जैसी आजादी चाहते हैं। उनका आग्रह है कि वे जब चाहे जिन्ना वाले देश में चले जाएं, हम किराया इकट्ठा कर देंगे। प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान एक मीडियाकर्मी ने संबित पात्रा से पूछा कि सीएए के पक्ष में निकाली जा रही यात्रा की होर्डिंग पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की तस्वीर इस्तेमाल की गई है। क्या बता सकते हैं कि अगर भगत सिंह आज जिंदा होते तो मजहब के आधार पर नागरिकता देने वाले कानून के हक में खड़े होते या उसका विरोध करते?’ इस पर कुछ देर तो संबित ने टालने की कोशिश की, मगर मीडिया की तरफ से लगातार सवाल किए जाने पर वह प्रेस कॉन्फ्रेंस बीच में ही बंद कर चलते बने।
शाहीन बाग की तरह लुधियाना में भी कल से प्रदर्शन
लुधियाना (निस) : शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा है कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग की तर्ज पर 12 फरवरी से जालंधर बाईपास चौक में धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। शाही इमाम ने कहा कि जालंधर बाईपास को इसलिए चुना गया है क्योंकि वहां संविधान निर्माता बाबा साहिब डा. भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा लगी हुई है और यह आंदोलन संविधान को बचाने और प्रत्येक भारतीय के आत्म सम्मान के लिए शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन की शुरुआत सभी धर्मों द्वारा प्रार्थना के बाद की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन में शहर के सभी समुदायों के लोग हिस्सा लेंगे। शाही इमाम ने बताया कि यह प्रदर्शन रोजाना सुबह 10 से रात 10 बजे तक किया जाएगा।
The post सीएए : राजनीति कर रही कुछ पार्टियां : संबित पात्रा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2HeENON
via Latest News in Hindi
0 Comments