सिविल अस्पताल में तैनात डाक्टर 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
गुरदासपुर, 10 फरवरी (निस)
सिविल अस्पताल गुरदासपुर में तैनात डाक्टर मंजीत सिंह बब्बर को विजिलेंस विभाग की टीम ने 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गांव भिट्ठेविंड (कादियां) निवासी अमरीक सिंह की शिकायत पर विजिलेंस की ओर से यह कार्रवाई की गई है।
अमरीक सिंह ने अपने बयान में बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। उनका गांव पसनवाल निवासी हरदेव सिंह के साथ रंजिश के चलते झगड़ा हुआ था। उसने फर्जी चोट दिखा कर सिविल अस्पताल गुरदासपुर में डाक्टरों के बोर्ड के पास से उसके तथा उसके भाई रजिंदर सिंह के खिलाफ मेडिकल लीगल रिपोर्ट पर आईपीसी धारा 326 का रिजल्ट हासिल कर लिया। इस पर उन्होंने उक्त मेडिकल लीगल रिपोर्ट को रिव्यू करने के लिए सिविल सर्जन गुरदासपुुर को लिखित शिकायत दी। इस बारे में एसएमओ की ओर से डाक्टरों का बोर्ड बनाया गया। वह 3 फरवरी को बोर्ड के सदस्य मंजीत सिंह बब्बर को मिले, जिन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उन्हीं की ओर से की जानी है। इसके बदले उन्होंने 30 हजार रुपए की मांग की परन्तु बात 20 हजार रुपए में तय हो गई। उन्होंने 20 हजार बतौर रिश्वत लेकर 10 फरवरी को सिविल अस्पताल गुरदासपुर में उनके कमरे में आने को कहा। लेकिन वह रिश्वत से काम नहीं करवाना चाहता था, इसके चलते वह 20 हजार रुपए लेकर डीएसपी विजिलेंस गुरदासपुर कंवलदीप कौर के पास चले गए।
डीएसपी कंवलदीप कौर ने बताया कि डाक्टर मंजीत सिंह बब्बर को सरकारी गवाह बागबानी विकास अफसर सुखपाल सिंह संधू तथा आबकारी एवं कराधान विभाग बटाला के हीरा लाल के सामने 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है।
The post सिविल अस्पताल में तैनात डाक्टर 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2Sh0TXt
via Latest News in Hindi
0 Comments