आप उम्मीदवार की याचिका पर ईसी से जवाब तलब
नयी दिल्ली, 6 जनवरी (एजेंसी)
दिल्ली हाई कोर्ट ने हलफनामे में कथित तौर पर शैक्षिक योग्यताएं छिपाने के लिए आप उम्मीदवार विशेष रवि का नामांकन खारिज किए जाने की मांग वाली याचिका पर निर्वाचन आयोग से बृहस्पतिवार को जवाब मांगा। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर 8 फरवरी को मतदान होने है। चीफ जस्टिस डीएन पटेल और न्यायमूर्ति सी हरी शंकर की एक पीठ ने चुनाव आयोग और आप के करोल बाग से उम्मीदवार विशेष रवि को नोटिस जारी कर उनसे अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। भाजपा के योगेंद्र चांदोलिया ने रवि का नामांकन रद्द करने की मांग वाली याचिका दर्ज कराई है। मामले की आगे की सुनवाई शुक्रवार को की जाएगी।
11 ‘निर्दलीयों’ को नहीं मिली राहत
दिल्ली हाई कोर्ट ने 11 निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन खारिज किए जाने के खिलाफ उनकी याचिका पर सुनवाई से बृहस्पतिवार
को इनकार कर दिया। चीफ जस्टिस डीएन पटेल और जस्टिस सी हरी शंकर की पीठ ने उम्मीदवारों की याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया। इससे पहले उनके नामांकन को खारिज करने के खिलाफ उनकी याचिका को एकल न्यायाधीश ने भी खारिज कर दिया था।
बसपा प्रत्याशी पर हमला
दिल्ली के विधायक और बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी नारायण दत्त शर्मा पर गत रात तीन अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। शर्मा बदरपुर से विधायक हैं और इससे पहले आम आदमी पार्टी में रह चुके हैं। हमले में उन्हें हल्की चोट आई है। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट किया, “मुख्य चुनाव आयोग एवं पुलिस प्रशासन को इसका तुरंत गम्भीरता से संज्ञान लेना चाहिये तथा दोषियों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई भी करनी चाहिये।’
The post आप उम्मीदवार की याचिका पर ईसी से जवाब तलब appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2OxAaUj
via Latest News in Hindi
0 Comments