चंडीगढ़, 6 फरवरी (ट्रिन्यू)
पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष कोर्ट के जज जगदीप सिंह को नई बुलेट प्रूफ गाड़ी मुहैया करवाई जाएगी। स्टेट इंटेलिजेंस ब्यूरो, चंडीगढ़ के एडीजीपी मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई कमेटी की बैठक में यह सिफारिश की गई है। इस कमेटी की सिफारिश पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला को ‘जेड’ सिक्योरिटी दी गई है। दुष्यंत को विधानसभा चुनाव के दौरान दुबई से जान से मारने की धमकी मिली थी।
सीबीआई जज जगदीप सिंह ने सिरसा के डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को साध्वियों के यौन शोषण मामले में अलग-अलग 10-10 साल की सजा सुनाई है। इसके बाद हत्या के एक अन्य मामले में भी डेरा मुखी को उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है। डेरामुखी के खिलाफ एक अन्य मामले की सुनवाई भी सीबीआई जज जगदीप सिंह की कोर्ट में ही चल रही है। साध्वियों के साथ यौन उत्पीड़न मामले में सजा सुनाए जाने के बाद ही सरकार ने जगदीप सिंह को ‘जेड’ कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान कर दी थी। जगदीप सिंह को बुलेट प्रूफ गाड़ी मुहैया करवाई गई है, लेकिन यह पुरानी हो चुकी है। रिव्यू कमेटी ने इस गाड़ी को बदलने की सिफारिश की है। वहीं उपमुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला को जेड सिक्योरिटी तो मिल चुकी है, लेकिन उन्हें बुलेट प्रूफ गाड़ी अभी नहीं मिली है। अब यह दुष्यंत पर निर्भर करेगा कि वे बुलेट प्रूफ गाड़ी लेते हैं या नहीं। फिलहाल दुष्यंत की कोठी पर हरियाणा पुलिस के 8 कमांडो तैनात कर दिए गए हैं।
उनके काफिले में शामिल एस्कार्ट और पायलट में भी बढ़ोतरी हुई है। साथ ही, अब दुष्यंत के काफिले में संबंधित एरिया की फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की गाड़ी भी मौजूद रहेगी। जेड सुरक्षा मिलने के बाद दुष्यंत को हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों में भी पूरी सुरक्षा मुहैया करवाई जाएगी।
अभी तक चंडीगढ़ आने पर दुष्यंत को यूटी पुलिस की ओर से गाड़ी उपलब्ध नहीं करवाई जाती थी लेकिन अब उनके चंडीगढ़ आने और जाने पर यूटी पुलिस की ओर से एस्कार्ट किया जाएगा।
डिप्टी सीएम को धमकी देने वाले के दुबई जाने पर रोक
विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दुष्यंत जब जींद के उचाना हलके में थे तो उनके पीए सतीश बेनीवाल के नंबर पर दुबई से किसी व्यक्ति ने फोन करके जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद उचाना पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि फोन करने वाला रेवाड़ी जिले के दलयाकी गांव का रहने वाला पवन है। पुलिस ने पवन को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। बाद में उसे छोड़ दिया गया लेकिन उसके दुबई जाने पर रोक लगाई गई है। दुष्यंत को धमकी के आधार पर ही जेड सिक्योरिटी दी गई है। धमकी देने वाले के तार कोलंबियाई ड्रग माफिया रह चुके पाब्लो एस्कोबार गैंग से जुड़े होने की आशंका है।
हरियाणा में अब तीन के पास जेड सिक्योिरटी
प्रदेश में अब तीन लोगों के पास जेड सिक्योरिटी है। डिप्टी सीएम दुष्यंत एवं सीबीआई जज जगदीप सिंह के अलावा हरियाणा के पूर्व पुलिस महानिदेशक बीएस संधू को भी सरकार ने जेड सिक्योरिटी दी हुई है। गृह मंत्री अनिल विज सहित अधिकांश मंत्री वाई-प्लस और वाई सिक्योरिटी के सुरक्षा घेरे में आते हैं। दुष्यंत की सरकारी कोठी पर लगी गार्द भी बढ़ा दी गई है। दुष्यंत की जींद और सिरसा कोठी पर भी सरकार ने सुरक्षा बढ़ाई है।

The post सीबीआई जज को बुलेटप्रूफ गाड़ी मिलेगी, डिप्टी सीएम भी ले सकेंगे appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3bs2Gk2
via Latest News in Hindi