चंडीगढ़, 4 फरवरी (ट्रिन्यू)
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक मनोज यादव का कहना है कि पुलिस की सख्ती के चलते बदमाश प्रदेश छोड़ रहे हैं। कई अपराधियों ने अपनी जमानत रद्द करवा कर वापस जेल जाना ही बेहतर समझा। पिछले एक साल के आंकड़ों का हवाला देते हुए यादव ने कहा कि पुलिस ने 7821 घोषित अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा है।
पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 3423 पीओ और 4398 बेल जम्पर्स को गिरफ्तार करके वापस जेल में भेजा। काबू किए गए अपराधियों में से कई बहुत लंबे समय से फरार चल रहे थे। क्राइम पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की लगातार सख्ती से अपराधी या तो प्रदेश छोड़ रहे हैं या फिर जमानत रद्द कराकर जेल जा रहे हैं। यादव के अनुसार पकड़े गए अपराधियों में से 1577 पीओ व बेल जम्पर्स को राज्य अपराध शाखा ने काबू किया, जबकि 6244 को सीआईए व स्पेशल स्टाफ सहित जिला पुलिस की विभिन्न इकाइयों द्वारा गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा 2019 में संसदीय और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर, पीओ और बेल जम्पर्स पर नकेल कसने के लिए एक विशेष अभियान भी चलाया गया। चूंकि ऐसे अपराधियों को चुनाव में बाहुबल के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता था। पुलिस ने अदालतों और अन्य इनपुट से डाटा इकट्ठा करके ऐसे अपराधियों की पहचान कर इनको गिरफ्तार भी किया।
16 लाख क्विंटल से अधिक मादक पदार्थ जब्त
यादव ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस ने विशेष मुहिम चलाई है। जनवरी और दिसंबर 2019 के बीच मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 2677 मामले दर्ज कर 16 लाख क्विंटल से अधिक करोड़ों रुपये कीमत की अफीम, चरस, चूरा-पोस्त, स्मैक, गांजा और हेरोइन जब्त की गई। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रख उन्हें काबू करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

The post एक साल के अंदर 7821 घोषित बदमाश पहुंचे सलाखों के पीछे appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2GXbbFu
via Latest News in Hindi

0 Comments