हरिद्वार से लौट रहे 6 युवकों की मौत, घरों में मचा कोहराम
कैथल/पूंडरी 2 फरवरी (हप्र/निस)
गांव म्योली के पास हुए सड़क हादसे में स्कार्पियो सवार 6 युवकों की मौत हो गई। हादसा हरिद्वार से लौटते समय म्योली गांव पार करते ही ड्रेन के पास गहरे खदान में गिर गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतकों की पहचान करनाल के गगसीना के दीपक (21), हिसार के गांव बिटमड़ा के कपिल (19), फतेहाबाद के गांव हंसेवाला के चालक सुनील (25), हिसार के गांव सुरेवाला के अजय (23), रामकेश (25) और अंकुश (22) के रूप में हुई है। मरने वालों में तीन छात्र थे।
जानकारी के अनुसार सभी युवक 3 दिन पहले हरिद्वार घूमने गए थे। पुलिस के अनुसार जब वे गांव म्योली के पास पहुंचे तो उनकी कार को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी कार म्योली ड्रेन का पुल पार करने के बाद मोड़ पर 40 फुट गहरे खदान में जा गिरी। एक शव घटनास्थल से 150 फुट दूर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को कैथल के नागरिक अस्पताल ले कर आई जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मरने वालों में दीपक 12वीं कक्षा में पढ़ता था। वह अपने तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। मृतक कपिल अपने 3 भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। चालक सुनील अपने दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। रामकेश खेतीबाड़ी का काम करता था। उसके दो भाई और एक बहन है। रामकेश की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। इसी प्रकार अंकुश तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। वह बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। घटना की सूचना पाकर सभी मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। सभी का रो-रो कर बुरा हाल था। पुलिस ने सभी के शवों के पोस्टमार्टम करवाकर उनके परिजनों के हवाले कर दिया है। बहरहाल पुलिस ने मृतक अजय के चाचा राजेश निवासी गांव सुरेवाला की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पत्नी करती रही आने का इंतजार
मृतक कपिल का इंतजार मायके में उनकी पत्नी कागज कर रही थी। कपिल के ससुराल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत की खबर वहां पहुंच गई। बीते सायं 6 बजे मृतक कपिल ने अपनी पत्नी कागज के पास फोन किया कि अपने मामा के घर जाने के बाद मैं ससुराल में भी आऊंगा। उसकी पत्नी अपने मायके बरसाना आई हुई थी।
एंबुलेंस चालकों पर लापरवाही का आरोप
मृतकों के शवों के लिए इधर उधर से स्ट्रेचर का प्रबंध किया जा रहा था। अस्पताल में टूटे स्ट्रेचर लड़खड़ा कर चल रहे थे। स्ट्रेचर का टूटा पहिया अस्पताल प्रशासन की लापरवाही उजागर कर रहा था। इसी प्रकार मृतक सुनील हंसेवाला के परिजनों का आरोप था कि अगर एंबुलेंस चालक घायलों को समय रहता अस्पताल पहुंचा देता था शायद दो लोगों की जान बच सकती थी।
The post हरिद्वार से लौट रहे 6 युवकों की मौत, घरों में मचा कोहराम appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2RRToGk
via Latest News in Hindi

0 Comments