चंडीगढ़, 5 फरवरी (ट्रिन्यू)
इनेलो नेता व ऐलनाबाद विधायक अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश में गौवंश की दुर्दशा के लिए राज्य की गठबंधन सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि प्रदेश में रोजाना भूख व बीमारियों से गौवंश की जान जा रही है। सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। गौसेवा आयोग भी हाथ पर हाथ धरे बैठा है। अभय ने दावा किया कि अगले हिसार में पिछले कुछ दिनों में 500 से अधिक गायों की मौत हो चुकी है।
बुधवार को चंडीगढ़ से जारी एक बयान में अभय ने कहा कि हिसार में मरी गायों का पोस्टमार्टम तक नहीं हुआ और न ही इनके शाव प्राप्त हुए। सरकार को इस बात का जवाब देना चाहिए कि इतनी बड़ी संख्या में गौवंश की मौत कैसे हो रही है। अभय ने कहा कि इस मुद्दे पर मैंने जुलाई-2017 में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र भी लिखा था। इनेलो नेता ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा का राज आया है, तबसे गौवंश की हालत बदतर हुई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की करनी और कथनी में फर्क है। चूंकि गौवंश को माता का दर्जा तो दिया है, लेकिन सरकार ने गौ-माता की उपेक्षा करके अपनी करनी और कथनी में फर्क का अंतर दर्शाया है। भाजपा सरकार के पिछले शासनकाल में गौवंश की हत्या रोकने के लिए कड़े कानून बनाए थे, जिसमें दोषियों को तीन से दस साल तक की कैद और एक लाख रुपये तक की जुर्माने की सजा थी। आज के दिन अगर गौशालाओं में गौवंश की हालत देखी जाए तो प्रदेश में पंजीकृत व गैर-पंजीकृत गौशालाओं में हररोज भूख और बीमारी से गौधन दिन-ब-दिन मरता जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 600 पंजीकृत गौशालाएं हैं, जिनमें 4 लाख से ज्यादा गौवंश हैं, लेकिन इन गौशालाओं में गौवंश की हालत बहुत खराब है।
गांवों-शहरों में अब भी घूम रही लावारिस
इनेलो नेता ने कहा कि प्रदेश में आवारा पशुओं की वजह से सड़कों पर वाहनों से दुर्घटना होने की वजह से हररोज जानमाल का नुकसान होता है। शहर व गांवों में घूमने वाली बेसहारा गायों की हालत बेहद दयनीय है। अभय ने कहा कि अकेले सिरसा जिले में पिछले 16 माह में लगभग 11 हजार गायों के मरने का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि गौवंश के लिए काम कर रही समाजसेवी रेणुका चोपड़ा की रिपोर्ट में कहा गया है कि गौशालाओं के संचालक खुद ही रात-बेरात गौवंश की तस्करी करवाते हैं या फिर उनके मरने का इंतजार करते हैं।

The post हिसार में 500 गायों की मौत, नहीं मिले शव appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2vLXSW7
via Latest News in Hindi

0 Comments