मुजफ्फरनगर/लखनऊ, 3 फरवरी (एजेंसी)
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में गत 20 दिसंबर को संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने के आरोप में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के 4 सदस्यों को रविवार गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि फरमान, नफीस, इदरीस और मुरसलीन को कल देर रात गिरफ्तार किया गया। उनके पास से सीएए के खिलाफ कुछ पर्चे भी जब्त किए हैं।
राज्य पुलिस ने पिछले चार दिनों में पीएफआई के 108 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने सोमवार को लखनऊ में पत्रकारों को बताया, ‘पिछले चार दिनों में उप्र में पीएफआई के 108 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। यह अभी एक शुरुआत है, हम इनकी जड़ों तक जाएंगे और इनको कहां से किस जरिये से मदद मिलती थी इसकी जांच करेंगे। हम केंद्रीय जांच एजेंसियों के संपर्क में भी हैं।’
प्रेस कांफ्रेस में कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक हितेश चंद्र अवस्थी से जब पूछा गया कि क्या प्रदेश पुलिस पीएफआई को मिलने वाली आर्थिक सहायता को लेकर ईडी के संपर्क में है इस पर उन्होंने कहा,‘हम सबूत इकट्ठा कर रहे हैं और ईडी समेत तमाम एजेंसियों के संपर्क में हैं। हम इस बारे में बाद में सही समय आने पर जानकारी साझा करेंगे।’

The post मुजफ्फरनगर में पीएफआई के 4 सदस्य गिरफ्तार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2vNoF4x
via Latest News in Hindi