नयी दिल्ली (एजेंसी) : जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के बाहर रविवार रात 2 बदमाशों ने गोलीबारी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सीएए के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए बनाए गए विश्वविद्यालय के छात्रों और पूर्व छात्रों के समूह ‘जामिया समन्वय समिति’ (जेसीसी) के एक बयान के अनुसार हमलावर लाल रंग की मोटरसाइकिल पर आए थे। एक बदमाश ने लाल रंग की जैकेट पहन रखी थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हत्या की कोशिश का एक मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। जामिया नगर में इस एक ही सप्ताह में गोलीबारी की यह तीसरी घटना है। गौरतलब है कि शाहीन बाग इलाके में सीएए के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान शनिवार को 25 वर्षीय एक युवक ने हवा में गोली चलाई थी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले गत गुरुवार को एक व्यक्ति ने सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई थी जिसमें जामिया मिल्लिया इस्लामिया का एक छात्र घायल हो गया था। ओखला से कांग्रेस के पूर्व विधायक आसिम मोहम्मद खान ने बताया कि हालिया घटना रात करीब साढ़े 11 बजे हुई। एक छात्र ने कहा, ‘हमने गोली की आवाज सुनी। जब हम बाहर आए तो 2 लोगों को स्कूटी पर जाते देखा।…हमने वाहन का नंबर तुरन्त लिख लिया और पुलिस को फोन किया। ‘

The post जामिया विवि के बाहर गोलीबारी, केस दर्ज appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2UnBrRC
via Latest News in Hindi

0 Comments