रोहतक, 2 फरवरी (हप्र)
हरियाणा की खापें एक बार फिर हिंदू विवाह कानून में संशोधन को लेकर सक्रिय हो गई हैं। हरियाणा की खापों ने एक बैठक कर 3जी यानी गांव, गोहांड और स्वयं के गोत्र में विवाह नहीं करने की परंपरा को जारी रखने पर सहमति जताते हुए निर्णय लिया कि इसके लिए सर्व खाप पंचायत शीघ्र ही एक प्रस्ताव पास कर केंद्रीय और राज्य सरकार के पास भेजेगी। इसके साथ-साथ इस बात पर भी पर भी विचार किया गया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा समलैंगिक विवाह विवाहत्तेर संबंधों जो मान्यता दी गई है, उस से समाज का नैतिक पतन होगा और कई प्रकार की बुराइयां जन्म लेगी। इसके लिए भी सर्व खाप नैतिकता और चरित्र की मजबूती के लिए सरकार से इस पर कानून बनाने का अनुरोध करेंगी। इसके साथ साथ 2016 के निलंबित पड़े विभिन्न मुकदमों को समाप्त करने के लिए सरकार से गुजारिश की जाएगी। हरियाणा की खापों के प्रधानों और प्रतिनिधियों की एक अहम बैठक स्थानीय सेक्टर एक स्थित जाट भवन धर्मशाला में रोहतक खाप 84 के प्रधान हरदीप अहलावत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में समाज के विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। सांगवान खाप के प्रधान एवं दादरी के विधायक सोमवीर सांगवान ने सभी आए हुए प्रधानों और प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि हम सब सामाजिक भाईचारे और एकता के लिए एकजुट होकर कार्य करें। एकजुटता से हमें हर प्रकार की सामाजिक बुराइयों पर सफलता मिलेगी। सर्व खाप संयोजक महेंद्र सिंह नांदल ने कहां कि सामाजिक मुद्दों को लेकर समय-समय पर बैठकें और सम्मेलन करके समाज के बीच जाकर उन मुद्दों को समझाना चाहिए। इस अवसर पर उपस्थित सभी खाप प्रधानों और प्रतिनिधियों ने इस पर अपनी सहमति जताई और यह निर्णय लिया गया कि फसल कटाई से पहले एक सर्वजातिय सर्व खाप सामाजिक महासम्मेलन बुलाया जाए। सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों को आमंत्रित कर सामाजिक समस्याओं पर गहन मंथन किया जाए और प्रस्ताव पास कर के केंद्रीय और राज्य सरकार के पास भेजा जाए।

इनकी रही भागीदारी
इस अवसर पर अहलावत खाप प्रधान जय सिंह अहलावत, रोहतक खाप 84 प्रधान हरदीप अहलावत, सर्व खाप संयोजक महेंद्र सिंह नांदल, सरोहा खाप प्रधान रणधीर सरोहा, दहिया खाप प्रधान सुरेंद्र दहिया, कादयान खाप प्रधान केदार कादयान, सांगवान प्रधान सोमवीर सांगवान, सतरोल खाप प्रधान रामनिवास लोहान, देशवाल खाप प्रधान शिव धन देशवाल, मलिक खाप प्रतिनिधि कैप्टन जगबीर मलिक, मोखरा तपा प्रधान रामकिसन मलिक, दलाल खाप प्रवक्ता मान सिंह दलाल, खत्री खाप से अशोक खत्री, हुड्डा खाप पूर्व प्रधान धर्मपाल हुड्डा, सुनारियां सतगामा प्रधान प्रकाश बधवार, फूल कुमार, सज्जन सांगवान, डीपी सांगवान आदि रूप से उपस्थित रहे।

The post 3जी गांव, गोहांड और खुद के गोत्र में नहीं होगा विवाह appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2uTCY7h
via Latest News in Hindi

0 Comments