3 दिन बजट पूर्व चर्चा, 20 से शुरू होगा बजट सत्र
ट्रिब्यून न्यूज सर्विस
चंडीगढ़, 4 फरवरी
हरियाणा में विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत 17 की बजाय 20 फरवरी से होगी। 31 जनवरी को नयी दिल्ली में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में 17 से सत्र शुरू करने का फैसला लिया गया था। सरकार की ओर से अाधिकारिक रूप से विधानसभा सचिवालय को भेजी सूचना में 20 से सत्र शुरू करने की बात कही गई है। शुरू के तीन दिन यानी 17 से 19 तक प्री-बजट चर्चा कराई जाएगी। प्रदेश में यह पहला मौका होगा जब बजट पेश करने से पहले उस पर चर्चा होगी। इतना ही नहीं, विधायकों द्वारा इस चर्चा के दौरान दिए जाने वाले अच्छे सुझावों को सरकार बजट में भी शामिल करेगी। विधानसभा सचिवालय ने 20 से बजट सत्र की शुरुआत किए जाने की पुष्टि की है। 17 से 19 फरवरी तक होने वाली प्री-बजट चर्चा को बजट सत्र का हिस्सा नहीं माना जाएगा। विधानसभा सचिवालय ने बजट सत्र की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश में पहली बार वित्त विभाग मुख्यमंत्री ने अपने पास रखा है। ऐसे में वित्त मंत्री होने के नाते इस बार मुख्यमंत्री वर्ष 2020-21 का वार्षिक बजट पेश करेंगे। बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। अभिभाषण के जरिये गठबंधन सरकार विजन पेश करेगी। अभिभाषण पर चर्चा और सीएम के जवाब के बाद बजट पेश होगा।
माना जा रहा है कि प्रदेश का बजट फरवरी के आखिरी दिनों या फिर मार्च के पहले सप्ताह में पेश किया जा सकता है। बताया गया है कि मुख्यमंत्री सभी विभागों से बजट को लेकर जानकारी जुटा चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद वे विभागों के प्रशासनिक सचिवों के साथ बैठक करेंगे। इससे पहले 7 फरवरी को वे चंडीगढ़ में सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर प्रेस कांफ्रेंस करेंगे।
The post 3 दिन बजट पूर्व चर्चा, 20 से शुरू होगा बजट सत्र appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2S2c4mN
via Latest News in Hindi
0 Comments