उत्तर कोरिया ने परमाणु परीक्षणों से रोक हटाई
सियोल, 1 जनवरी (एजेंसी)
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने परमाणु और अन्तरमहाद्वीपीय बेलिस्टिक मिसाइल परीक्षणों पर लगी रोक हटाने का ऐलान किया और जल्द ‘नये सामरिक हथियार’ के प्रदर्शन की धमकी दी है। विश्लेषकों का कहना है कि सरकारी मीडिया द्वारा दी गई यह खबर ऐसी है मानो किम ‘डोनाल्ड ट्रम्प के सिर’ पर मिसाइल रख रहे हैं। अमेरिका जवाब देने को तत्पर है, हालांकि अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने किम को ‘कोई और रास्ता अपनाने’ की सलाह देते हुए कहा कि उनका देश ‘शांति चाहता है न कि विवाद।’
उत्तर कोरिया इससे पहले समूचे अमेरिकी भूभाग को जद में लेने में सक्षम मिसाइलों का परीक्षण तथा 6 परमाणु परीक्षण कर चुका है। इनमें से आखिरी परीक्षण की क्षमता हिरोशिमा विस्फोट से भी 16 गुना अधिक शक्तिशाली थी। कोई भी वास्तविक परीक्षण ट्रंप के कोप को बढ़ाने वाला होगा जो अकसर किम पर अपना ‘वादा नहीं निभाने’ का आरोप लगाते रहे हैं।
दोनों देशों के नेताओं के बीच फरवरी में हनोई शिखर वार्ता बेनतीजा रहने के बाद से गतिरोध बना हुआ है और उत्तर कोरिया ने प्रतिबंधों पर राहत की ताजा पेशकश देने के लिए अमेरिका को साल के अंत तक की समयसीमा दी थी। सरकारी समाचार एजेंसी ने किम के हवाले से कहा, ‘हमारे लिए अब एकतरफा प्रतिबद्धता को निभाते रहने का कोई आधार नहीं है।’
The post उत्तर कोरिया ने परमाणु परीक्षणों से रोक हटाई appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/36gCdmr
via Latest News in Hindi
0 Comments