ईरान ने माना- तनाव कम करना ही एकमात्र समाधान
तेहरान, 13 जनवरी (एजेंसी)
ईरान ने अमेरिका के साथ जारी तनाव कम करने का संकेत दिया है। तेहरान ने कहा कि वाशिंगटन द्वारा उसके शीर्ष जनरल कासिम सुलेमानी की हत्या करने के बावजूद वह उसके साथ तनाव कम करने के पक्ष में है। ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के बीच हुई बैठक के बाद दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि क्षेत्रीय संकट खत्म करने के लिए तनाव कम करना ही ‘एकमात्र समाधान’ है। रूहानी ने कहा, ‘पूरे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए हमने विचार-विमर्श करने और सहयोग स्थापित करने का निर्णय लिया है।’
उधर, अमेरिका के रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ ‘बिना किसी शर्त के नए सिरे से बातचीत करने के इच्छुक हैं।’
विरोध कर रहे लोगों पर चलायी गोलियां
दुबई (एजेंसी) : यूक्रेन का विमान मार गिराने के विरोध में जुटे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए ईरानी पुलिस व सुरक्षा बलों ने गोलियां चलायीं और आंसू गैस के गोले दागे। इस घटना से संबंधित कथित वीडियो सोमवार को सामने आये। ईरान की राजधानी तेहरान के फ्रीडम चौक पर रविवार की रात को हुई इस घटना पर फिलहाल ईरान के सरकारी मीडिया ने कोई खबर नहीं दी है। एक वीडियो में आंसू गैस से भाग रहे प्रदर्शनकारियों की भीड़ नजर आ रही है। एक महिला फारसी में कहती नजर आ रही है, ‘उन्होंने आंसू गैस के गोले दागे। आजादी स्क्वायर। तानाशाह मुर्दाबाद।’ अन्य वीडियो में एक महिला को ले जाया जा रहा है और जमीन पर खून नजर आ रहा है।
The post ईरान ने माना- तनाव कम करना ही एकमात्र समाधान appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2tTnlfs
via Latest News in Hindi
0 Comments