कभी भी हो सकता है दिल्ली विधानसभा चुनाव का ऐलान
हरीश लखेड़ा / ट्रिन्यू
नयी दिल्ली, 4 जनवरी
दिल्ली विधानसभा चुनाव घोषणा का इंतजार कर रही आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस ने चुनावी ताल ठोक दी है। तीनों दलों ने एक-दूसरे पर सियासी हमले तेज कर दिए हैं। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग विधानसभा चुनाव की अब कभी भी ऐलान कर सकता है।
प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी को समाप्त हो रहा है। ऐसे में 22 फरवरी तक नई सरकार का गठन जरूरी है। विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग के साथ दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. रणबीर सिंह की 26 दिसंबर को बैठक हो चुकी है और तब उन्होंने चुनाव आयोग से कह दिया था कि चुनाव की तैयारी पूरी हो चुकी है। इसलिए अब दिल्ली के राजनीतिक दलों को चुनावी कार्यक्रम के ऐलान का इंतजार है।
चुनाव निकट देख दिल्ली के तीनों प्रमुख दलों ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है। यह भी साफ होता जा रहा है कि इस बार भी दिल्ली में आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के पूरे आसार हैं। कांग्रेस ऐलान कर चुकी है कि वह चुनाव अकेले ही लड़ेगी। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा आप के साथ गठबंधन की अटकलों को खारिज कर कह चुके हैं कि कांग्रेस अकेले लड़ेगी। दरअसल, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन के प्रयास हुए थे और अब महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ सरकार में शामिल होने के बाद दिल्ली में कांग्रेस व आप में गठबंधन की अटकलें लगाई जा रही थी। कांग्रेस ने चुनावी तैयारी के मद्देनजर अपना वाररूम तैयार कर लिया है।
भाजपा भी घोषणापत्र तैयार करने की कवायद में जुटी
भाजपा ने भी चुनावी तैयारी तेज करते हुए चुनाव घोषणापत्र तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए पार्टी के ‘मेरी दिल्ली मेरा सुझाव‘ अभियान के तहत घोषणापत्र के लिए लोगों के सुझाव एकत्र करने के लिए 49 वीडियो रथ दिल्ली में घूम रहे हैं। इसके अलावा भाजपा ने हाल में नियमित की अनधिकृत कालोनियों के लोगों को उनके मकानों की रजिस्ट्री बांटना शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी पहले ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के चेहरा और अपनी सरकार की उपलब्धियों को लेकर चुनावी मैदान में कूद गई है। तीनों दलों ने रोजाना रैलियां, जनसभा और प्रेस कांफ्रेंस कर एक-दूसरे पर सियासी हमले तेज कर दिए हैं।
The post कभी भी हो सकता है दिल्ली विधानसभा चुनाव का ऐलान appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/35k6JKQ
via Latest News in Hindi
0 Comments