गोहाना, 7 जनवरी (निस)
अज्ञात की हत्या कर शव को शहर के बीच खंडहर में जला दिया गया। मंगलवार सुबह भवन के आसपास के दुकानदारों व रेहड़ी लगाने वाले व्यक्तियों को अंदर से कुछ जलाने की गंध आई। दुकानदार पानी लेकर अंदर गए तो वहां शव जलता हुआ मिला। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शव पूरी तरह से जल चुका था। पुलिस ने मौके से अवशेष बरामद करके उन्हें महिला मेडिकल कालेज के अस्पताल भिजवा दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शव महिला का है या पुरुष का। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शहर में पुराना बस स्टैंड के निकट एल.आई.सी. कार्यालय के साथ एक खंडहर भवन है। यह भवन कई साल से बंद पड़ा है।
मंगलवार सुबह आसपास के दुकानदारों व रेहड़ी लगाने वाले व्यक्तियों को भवन के अंदर से कुछ जलने की बदबू आई। जब दुकानदार अंदर गए तो वहां एक शव जलता देख दंग रह गए।
दुकानदारों ने इस संबंध में शहर थाना पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद थाना के एस.एच.ओ. निर्मल सिंह व समता चौकी के हरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। जब पुलिस मौके पर पहुंची तब तक शव पूरी तरह से जल चुका था। पुलिस ने आग पर काबू करके शव के अवशेष बरामद किए। एफ.एस.एल. की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर सबूत जुटाए। यह घटना पूरे शहर में आग की तरफ फैल गई। घटना का पता लगने ही सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने अवशेषों को गांव खानपुर कलां स्थित बी.पी.एस. राजकीय महिला मैडीकल कालेज के अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार चिकित्सकों की जांच के बाद ही पता चलेगा कि शव महिला का है या पुरुष का। बताया गया है कि घटनास्थल पर एक जला हुआ मंगलसूत्र भी मिला है। ऐसे में लोग कयास लगा रहे हैं कि शव महिला का हो सकता है।
पुलिस ने आरोपियों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास में दुकानों पर लगे सी.सी.टी.वी. की फुटेज भी खंगाली। पुलिस विभिन्न पहलुओं को लेकर जांच कर रही है। जिस भवन में घटना हुई है इसी में पांच साल पहले सुरंग खोद कर पंजाब नेशनल बैंक में सेंधमारी की गई थी।

 

The post हत्या कर शव खंडहर में जलाया appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/304z6vt
via Latest News in Hindi

0 Comments