बेरूत, 4 जनवरी (एजेंसी)
सीरिया में पिछले करीब नौ वर्षों से जारी गृह युद्ध में 3,80,000 से ज्यादा लोगों की जान गई। युद्ध पर नजर रखने वाली एक संस्था ने शनिवार को नये आंकड़े जारी करते हुए बताया कि मृतकों में 1,15,000 से अधिक आम नागरिक थे। सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि इनमें करीब 22,000 बच्चे और 13,000 से अधिक महिलाएं थीं। दक्षिणी शहर दारा में 15 मार्च, 2011 को सरकार के विरोध में हुए असाधारण प्रदर्शनों के बाद यह संघर्ष तेज हो गया था। प्रदर्शनकारी सीरिया के कोने-कोने में फैल गए थे और शासन ने नृशंसता से उनका दमन किया जिसके चलते कई मोर्चों वाले सशस्त्र संघर्ष शुरू हो गए जिनमें जिहादी एवं विदेशी ताकतें भी शामिल हो गईं। संघर्ष में करीब 1.3 करोड़ सीरियाई लोग विस्थापित हो गए या उन्हें देश छोड़ना पड़ा तथा अरबों डॉलर के बराबर बर्बादी हुई। ब्रिटेन की इस निगरानी संस्था ने सीरियाई संघर्ष को लेकर पिछले साल मार्च में हताहतों की संख्या जारी की थी जिसमें 3,70,000 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई थी। हालिया आंकड़ों में 1,28,000 से ज्यादा सीरियाई या गैर सीरियाई सरकार समर्थक लड़ाकों को भी शामिल किया गया है। इनमें आधे से ज्यादा सीरियाई सैनिक थे जबकि 1,682 लेबनानी शिया समूह हिजबुल्ला से जुड़े थे जिसके सदस्य 2013 से सीरिया में लड़ रहे हैं। युद्ध में 69,000 विपक्षी, इस्लामी और कुर्द नेतृत्व वाले लड़ाकों की भी जानें गईं।

The post सीरिया 9 साल में मारे गए करीब 4 लाख लोग appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2ts4eca
via Latest News in Hindi

0 Comments