शिमला, 30 दिसंबर (निस)
हिमालय क्षेत्र में ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से आज दिनभर राज्य के अधिकांश इलाकों में हलके बादल छाए रहे जिससे तापमान में जोरदार गिरावट आई है। इसी के साथ प्रदेश में पिछले कई दिनों से चल रहे सुहावने मौसम के दिन खत्म हो गए हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमानों के मुताबिक कल से प्रदेशवासियों को फिर से वर्षा व बर्फबारी का सामना करना पड़ेगा जिससे तापमान में जोरदार गिरावट आएगी और ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 4 जनवरी तक मौसम के तेवर बिगड़े रहेंगे और इस दौरान अधिकांश स्थानों पर वर्षा तथा बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमानों को देखते हुए पर्यटक नगरी व पहाड़ों की रानी शिमला में एक दशक बाद नए साल की पूर्व संध्या के मौके पर बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। इससे पहले 31 दिसंबर, 2010 को शिमला में हिमपात हुआ था। नए साल पर बर्फबारी की संभावना को देखते हुए पहाड़ों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है और नए साल के लिए राज्य के सभी पर्वतीय पर्यटक स्थलों पर होटल फुल हो गए हैं। इस बीच पिछले कई दिनों से प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अधिकतर स्थानों पर तापमान माइनस में दर्ज किया जा रहा है। कबायली क्षेत्रों में जहां तापमान के शून्य के काफी नीचे चले जाने से पानी के प्राकृतिक स्रोत जम गए हैं। वहीं मैदानों में दोपहर तक धुंध की वजह से लोग परेशान हो रहे हैं।
4 जिलों लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और मंडी में आज न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलंग राज्य में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 11.8 डिग्री नीचे रहा। कुल्लू का विख्यात पर्यटन स्थल मनाली दूसरी ठंडी जगह रही। वहां पारा शून्य से 2.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। कल्पा में न्यूनतम तापमान -2 डिग्री, सुंदरनगर में -0.9 डिग्री, भुंतर में -0.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
दलाईलामा की नगरी में भी आगमन
धर्मशाला (निस) : नववर्ष के स्वागत के लिए पयर्टन नगरी धर्मशाला में पयर्टकों ने डेरा डाल लिया है। मौसम विभाग के 31 दिसंबर को बर्फबारी के पूर्वनुमान के चलते पयर्टक बड़ी संख्या में धर्मशाला के मैक्लोड़गंज, नड्डी, भागसूनाग और साथ लगते पयर्टन स्थलों में पहुंच रहे हैं। पयर्टकों का धर्मगुरु दलाई लामा की नगरी मैक्लोड़गंज पहुंचने का सिलसिला बीते दिन रविवार से शुरू हो गया था जो आज भी जारी रहा। पयर्टकों द्वारा होटलों की ऑनलाइन बुकिंग के चलते अधिकांश पयर्टन निगम और निजी होटल पैक हो चुके हैं। बीते दिनों हुई बर्फबारी के कारण धौलाधार की पहाड़ियों में दिखने वाली बर्फ भी पयर्टकों को धर्मशाला आने के लिए मजबूर कर रही है। क्रिसमस के बाद अब नए साल के जश्न के लिए पयर्टन नगरी धर्मशाला पूरी तरह तैयार है। होटलों में भी पयर्टकों के लिए कई तरह के आयोजन किए गए हैं। कपल डांस प्रतियोगिता के अलावा मिस औा मिसिज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इसी तरह मैकलोड़गंज स्थित पयर्टन निगम के होटल भागसू में मिस धौलाधार प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। होटलों को रंग बिरंगी लाइटों के साथ सजाया गया है। पयर्टकों के स्वागत के लिए कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। खासकर कप्पल के लिए कई तरह के ऑफर भी रखे गए हैं।
वहीं जिला व पुलिस प्रशासन ने भी पयर्टकों की सुविधा के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। पयर्टकों के लिए टैªफिक की कोई परेशानी न हो इसके लिए धर्मशाला से मैकलोड़गंज के लिए वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। इसी तरह किसी भी तरह के हुड़दंग से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह तैयार है। मैकलोड़गंज चौक सहित नड्डी और भागसूनाग व धर्मकोट में पुलिस व होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गई है। एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने बताया कि नए साल के जश्न के लिए किसी भी तरह की परिस्थिति से निपटने के लिए करीब 200 पुलिस व होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। मुख्य रूप से मैकलोड़गंज चौक में पुलिस की बड़ी तैनाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पयर्टकों की सुविधा के लिए टैªफिक प्लान भी बनाया गया है। वाहनों की पार्किंग के लिए भी जगह चिन्हित की गई हैं। उन्होंने पयर्टकों से भी शांतिपूर्ण तरीके से नए साल का जश्न मनाने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए तैयार है।

The post नए साल पर बर्फबारी की चाह, पहाड़ पर्यटकों से गुलजार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/39p3dC8
via Latest News in Hindi

0 Comments