पंचकूला प्रशासन ने मांगे खसरा नंबर
आदित्य शर्मा/नस
पंचकूला/चंडीगढ़, 31 दिसंबर
पंचकूला प्रशासन की तरफ से साल 2020 में विशेष परियोजनाओं में चंडीगढ़-बद्दी रेलवे लाइन परियोजना को भी शामिल किया गया है। इस परियोजना का लंबे समय से बेसब्री से इंतजार हो रहा है। लाइन बनने से पंचकूला, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश को काफी फायदा होगा। पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट कनेक्टविटी के लिए उत्तर रेलवे द्वारा चंडीगढ़-बद्दी रेलवे लाइन में कुछ बदलाव करने से परियाजना में देरी हो रही है। योजना के मुताबिक ट्रैक का अलाइनमेंट अलग है जिसके कारण 6-7 किलोमीटर लाइन में कटौती होगी। जिन स्थानों पर रेलवे अलाइंटमेंट कर रहा है उन जमीनों के खसरा नंबर रेलवे ने पंचकूला प्रशासन को अब तक उपलब्ध नहीं करवाए हैं। पंचकूला के डीसी मुकेश कुमार आहूजा ने कहा कि 28 किलोमीटर लंबे ट्रैक के निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण करना था। लेकिन रेलवे ने अपने कुछ रास्ते में बदलाव कर किया था। पाथ चेंज करने के बाद री-अलाइंटमेंट के बारे में जानकारी मांगी गई है। इसके बाद सरकार के फैसले का इंतजार किया जाएगा। हम रेलवे से संपर्क कर रहे हैं कि इस परियोजना के अधीन आने वाली जमीन के हर गांव के और वहां के खसरा नंबर के मुताबिक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
हरियाणा सरकार नहीं कर सकी भूमि अधिग्रहण
चंडीगढ़-बद्दी परियोजना को 2007 में योजनाबद्ध किया गया था। इसको अभी तक शुरू नहीं किया जा सका है। हरियाणा सरकार इस परियोजना के लिए आवश्यक भूमि का अधिग्रहण करने में विफल रही है। मंत्रालय द्वारा परियोजना को विशेष दर्जा दिए जाने के बाद ही इस परियोजना को गति मिलेगी।
परियोजना में यह है दिक्कत
पिछले महीने उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक टीपी सिंह ने अधिकारियों के साथ इस परियोजना की समीक्षा भी की थी। अधिकारियों ने पाया कि ट्रैक बनाते समय ऐसे कई पैच हैं जो बाढ़ जैसी स्थिति में खतरनाक साबित हो सकते हैं। भविष्य में किसी भी समस्या से बचने के लिए रेलवे इस क्षेत्र में पुल का निर्माण करेगा। इससे पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों की रेलवे के साथ बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि रेलवे एक्विजिशन एक्ट 20ए के तहत किसानों की जमीन अधिग्रहीत किए जाने के लिए जल्द काम शुरू किया जाएगा। लेकिन रेलवे ने लाइन चेंज करने का फैसला किया।
The post पंचकूला प्रशासन ने मांगे खसरा नंबर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2MMgRFJ
via Latest News in Hindi
0 Comments