चटक धूप खिलने से खिले चेहरे लेकिन आज से छायेंगे बादल
चंडीगढ़/पंचकूला, 31 दिसंबर (नस)
मोहाली में मंगलवार को पार्क में धूप का आनंद लेते स्थानीय निवासी। -विक्की
घना कोहरा छटने के बाद निकली चटक धूप में मंगलवार को चंडीगढ़ में लोगों के चेहरे खिल उठे। दोपहर 12 बजे आसमान से सूरज के दर्शन देते ही लोगों को ठंड से राहत मिली। धूप खिलने के साथ ही लोग सैरसपाटे पर निकल पड़े। पार्कों में बच्चों ने खूब मस्ती की। हाड़कंपा देने वाली सर्दी में घरों में कैद बुजुर्गों ने धूप में खूब सैर की। बाजारों में भी रौनक बढ़ गई। मौसम विभाग ने जानकारी दी कि मंगलवार दिन में अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री और न्यूनतम 4.8 डिग्री रिकार्ड किया गया।
बारिश की चेतावनी
बुधवार को फिर से बादल छाने से ठंड बढेगी। मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि 2 जनवरी को बारिश होगी और दिन में तापमान गिरने से कडाके की ठंड पडेगी। सुबह और शाम को कोहरा छाया रहेगा। 4 और 5 जनवरी को मौसम में परिवर्तन होने की संभावना है। ट्राईसिटी में कोहरे की चादर छाने से दुर्घटनाओं का आंकड़ा बढ़ गया है। पुलिस ने लोगों से आह्वान किया है कि वे कोहरे में वाहनों को धीमी गति से चलाएं।
रेलगाडि़यां प्रभावित
कोहरे के कारण रेल और हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। पिछले दो दिनों से चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर बाहर से आने वाली रेलगाडियां अपने निर्धारित समय से लेट चल रही हैं। कड़ाके की ठंड में यात्री परेशान हो रहे हैं।
The post चटक धूप खिलने से खिले चेहरे लेकिन आज से छायेंगे बादल appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2SSLQ79
via Latest News in Hindi
0 Comments