लुधियाना में सोमवार को सीएए, एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन करते मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह व अन्य कांग्रेस नेता। -हिमांशु महाजन

लुधियाना, 30 दिसंबर (निस)
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखे हमले करते हुए कहा है कि भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जायेगी। उन्होंने इसके लिए देश के सभी नागरिकों से एकजुट होकर संविधान बचाने के लिए संघर्ष करने का आह‍्वान भी किया। वह आज यहां कांग्रेस द्वारा संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और एनआरसी के विरुद्ध आयोजित ‘संविधान बचाओ देश बचाओ’ राज्य स्तरीय रैली को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़, पंजाब कांग्रेस प्रभारी आशा कुमारी, सांसद परणीत कौर, वित्त मंत्री मनप्रीत बादल, गुरप्रीत कांगड़, भारत भूषण आशू, राकेश पांडे, सुरेन्द्र डावर, सांसद रवनीत सिंह बिट्टू और चौधरी संतोख सिंह सहित कई अन्य नेता मौजूद थे। लेकिन पार्टी के राज्यसभा सदस्य प्रताप सिंह बाजवा और पूर्व कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू रैली में नहीं आये।
कैप्टन अमरेंद्र सिंह नें दोहराया कि उनकी सरकार किसी भी हालत में पंजाब में सीएए लागू नहीं करेगी। रैली में वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि यदि मोदी सरकार ने भारतीयों को बाहर निकालने का प्रयास किया तो कांग्रेस उनको सत्ता से बाहर धकेल देगी।
प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ नें मोदी सरकार को काले अंग्रेजों की सरकार की संज्ञा देते हुए कहा कि जो गोरे अंग्रेज कसर छोड़ गये थे उसे ये काले अंग्रेज पूरी करने में लगे हुए हैं।
‘जनता को हुई असुविधा के लिए माफी मांगें सीएम’
युवा अकाली दल के जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोशा ने दरेसी में आज हुई कांग्रेस की रैली के दौरान सड़कों को बंद करने से आम जनता को हुई असुविधा के लिए कांग्रेस और पुलिस की आलोचना की। सुबह 7 बजे से ही दरेसी, फील्ड गंज, घंटाघर, माता रानी चौक आदि जाने वाली सभी सड़कों को पुलिस ने बंद कर दिया, जिससे सड़कों पर भारी जाम लग गया। गुरदीप सिंह ने कहा कि जनता को हुई असुविधा के लिए सीएम को माफी मांगनी चाहिए।

The post संविधान से खिलवाड़ नहीं करने देंगे : कैप्टन अमरेंद्र appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2rG1lnw
via Latest News in Hindi

0 Comments