बगदाद, 31 दिसंबर (एजेंसी)

बगदाद में मंगलवार को अमेरिकी दूतावास में तोड़फोड़ करते प्रदर्शनकारी। -एजेंसी

इराकी प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को यहां उच्च सुरक्षा वाले अमेरिकी दूतावास परिसर की बाहरी दीवार को तोड़ दिया। प्रदर्शनकारी सप्ताहांत में हुए हवाई हमलों के दौरान ईरान समर्थक लड़ाकों के मारे जाने से गुस्से में थे। अमेरिकी सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए परिसर के अंदर आंसू गैस के गोले छोड़े। प्रदर्शनकारी रविवार को हुए अमेरिकी हवाई हमलों का विरोध कर रहे थे, जिसमें कटाईब हिजबुल्लाह (हिजबुल्ला ब्रिगेड) के कट्टरपंथी गुट के कम से कम 25 लड़ाके मारे गए थे। अमेरिका ने इस गुट पर अमेरिकी ठेकेदार की हत्या का आरोप लगाया है।
इस बीच सऊदी अरब ने इराक में अमेरिकी बलों पर हुए हमले की निंदा की है और इस पर ‘गंभीर चिंता’ जताई है। एक सूत्र के हवाले से कहा गया, ‘सऊदी अरब इराक के अंदर आतंकवादी हमलों के बढ़ने से बेहद चिंतित है… जिनमें हालिया हमलों के तहत इराक में मौजूद अमेरिकी सेनाओं के खिलाफ ईरानी शासन द्वारा समर्थित आतंकवादी मिलिशिया द्वारा हमले किए गए थे।’ इसमें कहा गया, ‘सऊदी अरब इन आतंकवादी हमलों की निंदा करता है… आतंकवादी मिलिशिया द्वारा किए गए ये हमले इराक की संप्रभुता का उल्लंघन करते हैं और इसकी सुरक्षा और स्थिरता को प्रभावित करते हैं।’
इसके लिए इरान जिम्मेदार : ट्रंप
वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इराक बगदाद में अमेरिकी दूतावास की सुरक्षा करने के लिए ‘अपने बलों का इस्तेमाल’ करेगा। ट्रंप ने ट्वीट किया, ‘हम उम्मीद करते हैं कि इराक दूतावास की सुरक्षा के लिए अपनी सेना का उपयोग करेगा।’ ट्रंप ने हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया और चेतावनी दी कि तेहरान को उत्तरदायी ठहराया जायेगा। उन्होंने ट्वीट किया, ‘अब ईरान इराक में अमेरिकी दूतावास पर हमले की साजिश रच रहा है। वे इसके लिए पूरी तरह से जिम्मेदार होंगे।’

The post इराक अमेरिकी दूतावास में तोड़फोड़ appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/35d0lF5
via Latest News in Hindi

0 Comments