शिमला, 31 दिसंबर (निस)
चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिलासपुर जिला के गंभर पुल के पास आज एक वॉल्वो बस के खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 57 लोग घायल हो गए। इनमें 51 छात्र, तीन शिक्षक, दो गाइड और चालक शामिल हैं। घायलों में 3 की हालत गंभीर है जिन्हें उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। बाकी घायल छात्रों को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। ये सभी छात्र केरल के एक शिक्षण संस्थान एमईएस आर्ट्स एंड साईंस कॉलेज छतमंगलम कालिकट में पढ़ रहे हैं और नया साल मनाने के लिए मनाली जा रहे थे। इसी दौरान इनकी बस पलटकर खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर से पुलिस राहत दल के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना का कारण बस का टायर फट जाना बताया गया है।

हादसे में 2 की मौत

किन्नौर जिला में रेताखान के पास आज एक ब्लैरो कैम्पर जीप के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 2 लोगों की मौत और 3 अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान संदीप और रमेश कुमार के रूप में हुई है। ये टापरी उपतहसील के जानी गांव के रहने वाले थे। दुर्घटना में घायल तीन लोगों की पहचान चालक संजू, मंजू और सूरत राम के रूप में हुई है। ये तीनों भी जानी गांव के रहने वाले हैं। तीनों घायलों को स्कीबा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ के लिए रैफर कर दिया गया। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

The post बस दुर्घटना में 57 घायल, 3 की हालत गंभीर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2tfowpb
via Latest News in Hindi

0 Comments