मनाली में विंटर कार्निवाल 2 से, सीएम करेंगे शुभारंभ
शिमला, 30 दिसंबर (निस)
मनाली में आयोजित होने वाले 5 दिवसीय राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल का शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 2 जनवरी को हिडिम्बा माता के मन्दिर में पूजा अर्चना के उपरांत महिला मण्डलों की झांकियों को हरी झण्डी दिखाकर करेंगे। हालांकि विधिवत शुभारम्भ मनु रंगशाला में दोपहर 12 बजे होगा। इस संबंध में वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि इससे पूर्व मुख्यमंत्री नागरिक अस्पताल मनाली के भवन की आधारशिला रखेंगे, क्लाथ के स्पैन पुल के लोकार्पण के अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पलचान के भवन का लोकार्पण भी करेंगे।
मुख्यमंत्री इस दौरान वन विभाग चियाल के विश्राम गृह, जगतसुख ईको पार्क तथा मनाली के साथ लगते क्षेत्रों के लिए सीवरेज प्रणाली की भी आधारशिला रखेंगे। गोविंद ठाकुर ने आज मनाली में विंटर कार्निवाल की तैयारियों को लेकर अधिकारियों व उत्सव समितियों के सदस्यों के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा कि उत्सव की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उत्सव को और आकर्षक बनाने के लिए अधिकारियों को और समिति के सदस्यों को अतिरिक्त प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि उत्सव के प्रत्येक दिन मनाली तथा आस-पास के क्षेत्रों में पौधरोपण किया जाएगा।
वन मंत्री ने कहा कि 120 महिला मण्डलों की झांकिया यहां की लोक संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए मनाली शहर से गुजरेंगी। यह दृष्य देश-विदेश से आए हजारों सैलानियों के लिए भी आकर्षण का केन्द्र बनेगी। कार्निवाल के दौरान विंटर क्वीन के चयन पर हजारों दर्शकों की नजर रहती है। कंपकंपाती सर्दी के बीच यह प्रतियोगिता जबरदस्त रोमांचकारी होती है। उन्होंने कहा कि उत्सव की पांचों संध्याओं में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आयोजन किया जाएगा।
The post मनाली में विंटर कार्निवाल 2 से, सीएम करेंगे शुभारंभ appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/39ri3Ip
via Latest News in Hindi
0 Comments