शिमला, 11 नवंबर (निस)
अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या में स्टार कलाकार प्रभजोत सिंह और गीता भारद्वाज ने अपनी मधुर आवाज से खूब धमाल मचाया। इसके अतिरिक्त स्थानीय कलाकार चन्द्र मोहन ठाकुर, राजेश मलिक और किशन वर्मा ने भी खूब रंग जमाया।
सांस्कृतिक संध्या में डीडी सहगल ने ‘तुम्हारे शहर का मौसम बड़ा सुहाना लगे’ गजल की बेहतरीन प्रस्तुति दी। मुख्य कलाकार गीता भारद्वाज द्वारा ‘सीटी बजाये-बीच सड़क में हाय नाम मेरा पुकारे’ फिल्मी गीत गाते ही दर्शक सीटी बजाते नजर आए। गीता भारद्वाज ने डोगरी, पंजाबी और कांगड़ी गीत ‘धोबण पाणिये जो चली’ जैसे गीत भी गाए। गीता भारद्वाज द्वारा नाटियां शुरू करते ही दर्शक झूमते नजर आए। स्टार कलाकार पंजाबी गायक प्रभजोत सिंह ने ‘एक हसीना थी’ से अपने कार्यक्रम की शुरुआत की और गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं, पूरा लंदन ठुमकदा, मै जट यमला-पगला दीवाना जैसे फिल्मी और पंजाबी गाने गाकर समां बांधा।
कार्यक्रम में जौनसारी लोक कला समिति के कलाकारों ने उत्तराखंड के जौनसार की लोककला का बेहतरीन प्रदर्शन कर लोगों को मन्त्रमुग्ध कर दिया। दोपहर में कवि सम्मेलन का आयोजन भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर रेणुका विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं उपायुक्त सिरमौर डॉ आरके परुथी, पुलिस अधीक्षक अजय कृष्ण शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, सदस्य सचिव एवं एसडीएम नाहन विवेक शर्मा, रेणुका विकास बोर्ड के गैर सरकारी सदस्य व विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद थे।

The post प्रभजोत सिंह और गीता भारद्वाज ने मचाया धमाल appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2NXpLA4
via Latest News in Hindi

0 Comments