नयी दिल्ली, 11 नवंबर (एजेंसी)
केन्द्र सरकार ने पिछले सप्ताह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा को वापस ले लिए जाने के बाद सोमवार को सीआरपीएफ ने इन तीनों की सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया। अधिकारियों ने बताया कि सोनिया गांधी के 10, जनपथ स्थित आवास पर इस्राइली एक्स-95, एके सीरीज और एमपी-5 बंदूकों के साथ केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बल के कमांडो की एक टुकड़ी ने सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया है। इसी तरह का एक दस्ता कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी के तुगलक लेन स्थित आवास और प्रियंका गांधी वाड्रा के लोधी एस्टेट में स्थित आवास पर तैनात किया गया है। एसपीजी सुरक्षा हटाये जाने के बाद गृह मंत्रालय ने सीआरपीएफ की विशेष वीवीआईपी सुरक्षा इकाई को गांधी परिवार को ‘जेड प्लस’ सुरक्षा देने को कहा है। नए सुरक्षा कवर में इन तीनों वीवीआईपी के लिए एक उन्नत सुरक्षा संपर्क कवायद का प्रावधान है। कमांडो इनके द्वारा दौरा किए जाने वाले स्थानों और क्षेत्र की पहले से जांच कर सकेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के परिवार को दी गयी एसपीजी सुरक्षा वापस लेने का फैसला एक विस्तृत सुरक्षा आकलन के बाद लिया गया था। लिट्टे के आतंकवादियों ने 21 मई 1991 को राजीव गांधी की हत्या कर दी थी।
इन तीनों से 28 साल बाद एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली गयी। उन्हें सितंबर 1991 में 1988 के एसजीपी कानून के संशोधन के बाद वीवीआईपी सुरक्षा सूची में शामिल किया गया था। इस फैसले के बाद अब एसजीपी अब केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में तैनात रहेगा। देश में नक्सल विरोधी अभियानों और आंतरिक सुरक्षा कार्यों के लिए बने प्रमुख बल सीआरपीएफ के पास लगभग 52 अन्य वीवीआईपी की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, जिसमें केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और रिलांयस समूह के अध्यक्ष मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी शामिल हैं।

 

The post सीआरपीएफ ने संभाला गांधी परिवार की सुरक्षा का जिम्मा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2p8jQQb
via Latest News in Hindi

0 Comments