भाजपा नेताओं के पास मिली छात्रा की पेन ड्राइव
शाहजहांपुर, 5 नवंबर (एजेंसी)
पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने दो भाजपा के नेताओं को आरोपी बनाया है। विशेष जांच दल के प्रमुख नवीन अरोड़ा ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि स्वामी चिन्मयानंद मामले में जांच पूरी हो गई है। बुधवार को वह अदालत में आरोपपत्र दाखिल करेंगे। इस मामले में पीड़िता से दौसा में छीनी गई पेन ड्राइव भाजपा नेता डीपीएस राठौर तथा अजीत सिंह के पास से बरामद हो गई है। उन्होंने बताया कि दौसा राजस्थान में पीड़िता के पास से यह पेनड्राइव इन नेताओं ने छीन ली और उसको अपने लैपटॉप में डालकर देखा। उसके बाद लैपटॉप से डिलीट कर दी तथा स्वामी चिन्मयानंद से मामला निपटाने के लिए सवा करोड़ रुपये मांगे। इसी मामले में दोनों नेताओं के खिलाफ जांच हो रही है।
इसी के साथ स्वामी चिन्मयानंद की ओर से दर्ज कराए गए रंगदारी मामले में अब आरोपियों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। इस मामले में पीड़िता के अलावा संजय, विक्रम, सचिन पहले से ही जेल में बंद हैं। उन्होंने बताया कि जांच में पाया गया कि छात्रा अपने छात्रावास के कमरे में ताला स्वयं लगाती थी, जबकि जबकि पीड़िता ने आरोप लगाया था कि उसकी अनुपस्थिति में कालेज प्रशासन ने ताला खोलकर महत्वपूर्ण साक्ष्य चश्मा आदि गायब कर दिए हैं। जांच में ऐसा नहीं पाया गया क्योंकि संजय ने पीड़िता के साथ दिल्ली जाने से पूर्व ही पीड़िता के कमरे का सारा सामान राहुल नामक व्यक्ति के घर पर एक बक्से में बंद करके रख दिया था। आईजी ने बताया कि एसआईटी जांच और लोगों की गिरफ्तारी से संजय की मामी घबरा गई और उन्होंने बक्से का सारा सामान पास में ही बहने वाले नाले में डाल दिया। एसआईटी ने नाले की सफाई कराई, लेकिन नाले से चश्मा बरामद नहीं हो सका। अरोड़ा ने कहा कि स्वामी चिन्मयानंद का मालिश करते हुए जो वीडियो पीड़िता ने चश्मे के द्वारा बनाया था वह चश्मा संजय और पीड़िता ने ही कहीं गायब किया है। उल्लेखनीय है कि 24 अगस्त को स्वामी शुकदेवानंद विधि महाविद्यालय में पढ़ने वाली एलएलएम की छात्रा ने एक वीडियो वायरल करके स्वामी चिन्मयानंद पर गंभीर आरोप लगाए थे। उधर, चिन्मयानंद के अधिवक्ता ओम सिंह ने रंगदारी मांगने का मामला दर्ज करा दिया था।
The post भाजपा नेताओं के पास मिली छात्रा की पेन ड्राइव appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/36EloCD
via Latest News in Hindi
0 Comments